संक्षिप्त प्रवास पर दल्ली राजहरा पहुंचे श्रम कल्याण मंडल उपाध्यक्ष किशोर महानंद, माँ काली मंदिर और गौरव पॉइंट पर भीष्म रथ के किए दर्शन

दल्ली राजहरा। श्रम कल्याण मंडल (छत्तीसगढ़ शासन) के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा) किशोर महानंद संक्षिप्त प्रवास पर दल्ली राजहरा पहुंचे थे।

यहाँ पहुंचने पर सबसे पहले उन्होंने नगर के ऐतिहासिक माँ काली मंदिर का दर्शन किए, साथ ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

इसके बाद उन्होंने दल्ली राजहरा का गौरव पॉइंट पर जाकर पूर्व मुख्य महाप्रबंधक राजहरा खदान समूह यस के. साहा की परिकल्पना और अंकुश देवांगन द्वारा निर्मित लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज भीष्म रथ का भी दर्शन किए।

भीष्म रथ को देखकर उन्होंने कहा कि वाकई में यह रचना अलौकिक है, बहुत सुंदर है।

इस दौरान उन्होंने कहा कि दल्ली राजहरा से उनका पुराना जुड़ाव है। यहाँ उनके मित्रगण और पार्टी का परिवार है, जिनसे उन्हें हमेशा स्नेह और प्रेम मिलता रहता है।

उन्होंने बताया कि श्रम कल्याण मंडल के माध्यम से श्रमिक भाई-बहनों के कल्याण के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इसी सिलसिले में श्रमिकों के बीच बैठक और चर्चा के लिए वे दल्ली राजहरा पहुंचे हैं, ताकि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक श्रमिकों तक पहुंचे।

*1. महतारी वंदन योजना पर कही बड़ी बात*

हमारा दल्ली राजहरा से बातचीत में महतारी वंदन योजना को लेकर पूछे गए सवाल पर उपाध्यक्ष किशोर महानंद ने कहा कि यह योजना छत्तीसगढ़ सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी का प्रतीक है। प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के खाते में हर महीने सीधे 1000 रुपये जा रहे हैं। अब तक लगभग 33 महीने पूरे हो चुके हैं, यानी हर बहन के खाते में लगभग 33-33 हजार रुपये पहुंच चुके हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादा किया था, उसे पूरा निभाया है। आने वाले दिनों में यदि कहीं कोई छोटी-मोटी त्रुटि रह गई है, तो उसे भी दूर कर पात्र बहनों को जोड़ा जाएगा। बहनों का आशीर्वाद और विश्वास सरकार पर बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि बहनों के लिए सिलाई प्रशिक्षण, लखपति दीदी, ड्रोन दीदी जैसी कई योजनाएं चल रही हैं। जन्म से लेकर मृत्यु तक, शिक्षा, विवाह और उच्च शिक्षा के लिए भी सरकार की योजनाएं हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश में करोड़ों और प्रदेश में लाखों लोगों को प्रधानमंत्री आवास मिला है। पिछली सरकार ने इस योजना को रोक कर रखा था, लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद पात्र लोगों को आवास का लाभ मिल रहा है।

*2. सनातन ही सत्य है, बाकी सब पंथ हैं*

सनातन धर्म, धर्म परिवर्तन और घर वापसी को लेकर उन्होंने कहा कि जब भाजपा की सरकार नहीं थी, तब सनातन धर्म में परिवर्तन के लिए लोगों पर दबाव बनाया जा रहा था। भाजपा की सरकार आने के बाद लोगों में आत्मविश्वास जगा है कि हम अपने धर्म में वापस आ रहे हैं।

किशोर महानंद ने कहा कि सनातन धर्म ही एकमात्र धर्म है, बाकी सब पंथ हैं। यह आदि-अनादि काल से चला आ रहा है। सनातन धर्म में सबका साथ, सबके कल्याण के लिए दया, माया, करुणा भरी हुई है। सनातन में सूर्य की पूजा, धरती की पूजा और पर्यावरण की पूजा की जाती है। जो सत्य है, वही सनातन है।

उन्होंने कहा कि दूसरे धर्म में ले जाने के लिए लोगों को प्रलोभन दिया जाता है, भड़काया जाता है, लालच देकर ले जाया जाता है। लेकिन अब हमारे भाई-बहन वापस आ रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि उनका मूल धर्म सनातन धर्म है। देवी को पूजने वाले, प्रकृति को पूजने वाले, आदिवासी भाई सभी सनातनी हैं।

घर वापसी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के स्नेह और प्रेम से हजारों लोगों की घर वापसी हुई है। प्रबल प्रताप दुबे जी भी हजारों लोगों की घर वापसी करा रहे हैं। हमारे क्षेत्र की भावना जी भी घर वापसी का काम कर रही हैं। हर कोई चाहता है कि अपने मूल धर्म में आए, और मूल धर्म से श्रेष्ठ कोई धर्म नहीं है।

सनातन की बात करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम पिछले 500 साल से पंडाल में कैद थे। उन्हें भव्य और दिव्य राम मंदिर बनाने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हुआ है। सनातन की बात करने वाले, सनातन का हित करने वाले सनातन के साथ हैं। जब तक देश है, तब तक सनातन है, और जब तक सनातन है, तब तक देश है।

उन्होंने कहा कि आज देश में कुछ लोग भड़काने का काम कर रहे हैं, लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है। अन्य देशों में गृह युद्ध जैसी स्थिति है, लेकिन भारत में ऐसी कोई विपरीत परिस्थिति नहीं आई, क्योंकि देश की जनता ने एक ऐसे सेवक को चुना है जो देश की जनता का रखवाला है। मोदी जी के नेतृत्व में देश फल-फूल रहा है, आगे बढ़ रहा है। जमीन से लेकर आसमान तक विकास के कार्य हो रहे हैं। जो हथियार हम कभी दूसरों से खरीदते थे, आज हम खुद हथियार बेच रहे हैं। 2047 तक भारत मोदी जी के नेतृत्व में विश्व गुरु बनेगा और पूरे विश्व का नेतृत्व करेगा।

*3. आदिवासी और ग्रामीण अंचल में धर्म परिवर्तन पर बोले – भटके लोग फिर लौट रहे हैं*

आदिवासी वर्ग और ग्रामीण अंचल में धर्म परिवर्तन बहुत ज्यादा हो रहा है, लोग फिर से अपने पुराने धर्म में आ जाएं, वापस आ जाएं, इस सवाल पर किशोर महानंद ने कहा कि यही तो हमारा प्रयास है।

उन्होंने कहा कि जो भाई-बहन किसी कारण से, प्रलोभन में आकर, भटककर अपने मूल धर्म से दूर चले गए थे, वे अब फिर से अपने पुराने धर्म में, अपने मूल धर्म सनातन धर्म में वापस आ रहे हैं। सनातन ही हमारा मूल धर्म है। सरकार और समाज के प्रयास से लोगों में जागरूकता आई है और हजारों लोगों की घर वापसी हो रही है।

*4. भगवान बिरसा मुंडा ने तीर-धनुष से अंग्रेजों को खदेड़ा*

भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए किशोर महानंद ने कहा कि अभी हाल ही में 15 तारीख को भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती मनाई गई। आदिवासियों के हित की बात करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भगवान बिरसा मुंडा जी को पूरे देश के अंदर एक ऐसा स्थान प्रदान किया है। 15 तारीख को आदिवासी गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है और ये एक बड़ी सौगात है, एक ऐसे महामानव के लिए, एक ऐसे महापुरुष के लिए, जिन्होंने अपनी अल्प आयु में, युवा अवस्था में अंग्रेजों को खदेड़ने का काम किया, अंग्रेजों से लोहा लिया।

उन्होंने तीर-धनुष के साथ अपनी एक सेना बनाई और उस सेना के साथ अंग्रेजों से भिड़कर अंग्रेजों को खदेड़ने का काम किया। पूरे महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड, उड़ीसा में इस तरह से उन्होंने अपनी बात लोगों तक पहुंचाई। लोगों ने उनकी बात को माना, उस पर अमल किया और उन पर विश्वास किया। अल्प आयु में किसी एक व्यक्ति को भगवान का दर्जा दिया गया। कोई सामान्य व्यक्ति नहीं थे बिरसा मुंडा जी, जिनको हम सब भगवान स्वरूप मानते हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी को धरती आबा का भी बहुत बड़ा दर्जा मिला। मैं उनको नमन करता हूँ, प्रणाम करता हूँ। प्रधानमंत्री मोदी जी की बड़ी सोच है कि पूरे देश के अंदर जितने हमारे आदिवासी भाई-बहन रहते हैं, उनके लिए ये बहुत बड़ी सौगात है, देश के लिए सौगात है। ऐसे महापुरुषों की जीवनी को निश्चित रूप से हम सबको पढ़ना चाहिए और आत्मसात करना चाहिए। ये हमारे लिए प्रेरणादायक महापुरुष हैं।

अंत में उन्होंने कहा – भगवान बिरसा मुंडा को नमन करता हूँ, प्रणाम करता हूँ। आदिवासी गौरव दिवस पूरे देश में मनाया जा रहा है। भगवान बिरसा मुंडा की जय।

*5. चार श्रम संहिता मजदूरों के हित में हैं, धरातल पर सबको मिल रहा है लाभ*

श्रम विभाग द्वारा लाई गई चार श्रम संहिता को लेकर पूछे गए सवाल पर किशोर महानंद ने कहा कि इस पर दो पक्ष हैं। एक पक्ष का कहना है कि ये मजदूरों के हित में नहीं है, ये श्रम संगठनों का कहना है। वहीं सरकार का कहना है कि हम जो योजनाएं लाए हैं, वो श्रमिकों और मजदूरों के लिए लाए हैं।

इस पर किशोर महानंद ने कहा कि माननीय मोदी जी ने पहले भी कहा है – गरीब कल्याण, श्रमिक कल्याण। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी ने उन्हीं के कल्याण हेतु ये योजनाएं लाई हैं।

उन्होंने कहा कि कौन क्या कह रहा है, उसका नहीं, आप देख रहे हैं धरातल पर जितनी भी योजनाएं केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा लाई गई हैं, सभी लोग उसका लाभ ले रहे हैं। कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं छूटा है, जो लाभ नहीं ले रहा हो। लाभ मिल रहा है और उससे परिवार में खुशहाली भी आ रही है।

कहने वाले कई प्रकार की बात कहते हैं, लेकिन लाभ सबको मिल रहा है और लाभ दिलाने के लिए ही ये योजनाएं लाई गई हैं। गरीब कल्याण हो, मजदूर कल्याण हो, हमारा सब प्रदेश के अंदर, देश के अंदर खुशहाली हो, इनके परिवार हरा-भरा रहें, खुशियों से भरा रहें, इसीलिए तो ये गरीब कल्याण योजनाएं लाई गई हैं।

*6. दल्ली राजहरा के रोजगार पर बोले – राजहरा बंद नहीं होगा, हरा-भरा रहेगा*

दल्ली राजहरा बीएसपी पर निर्भर है, बीएसपी प्रशासन धीरे-धीरे समेट रहा है और रावघाट को फोकस कर रहा है, इससे राजहरा का व्यापार और लोगों का रोजगार छिन रहा है, इस सवाल पर किशोर महानंद ने कहा कि राजहरा एक विकसित क्षेत्र था। जिस समय दल्ली राजहरा में प्लांट आया, बड़े स्तर पर काम हुआ, बहुत लोगों को उसका लाभ मिला और अभी भी मिल रहा है और आगे भी मिलता रहेगा। आसपास में बहुत सारी खदानें हैं, उनसे भी रोजगार मिलता रहेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार की अनेक योजनाएं हैं। स्किल के ऊपर, मुद्रा लोन योजना, बहनों को सुरक्षित योजना, बहनों को मजबूत करने के लिए लखपति दीदी योजना चल रही है। जनधन के माध्यम से बहनों को जोड़ा गया है। छोटे उद्योग, लघु उद्योग के माध्यम से मूली पालन, बकरी पालन, मछली पालन और पर्यावरण जैसे बहुत सारे काम हो सकते हैं। छोटे उद्योग के माध्यम से सबको रोजगार मिल सकता है।

उन्होंने कहा कि कोई भी बेरोजगार नहीं रहेगा, सबके रोजगार के लिए मोदी जी ने मुद्रा लोन चालू किया, उसके माध्यम से सबको रोजगार मिलेगा। यहाँ से कोई बंद नहीं हो रहा है, माइनिंग में अभी भी बहुत लंबा समय चलेगा और आसपास में भी रोजगार है। हमारा दल्ली राजहरा रोजगारयुक्त है, हरा-भरा है और हरा-भरा रहेगा और आगे भी लोगों को रोजगारयुक्त करते रहेगा।

*पर्वों की दी बधाई*

अंत में उन्होंने जिले के सभी लोगों को भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती, छठ पूजा और दीपावली की बहुत बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी, छठी मैया और माँ लक्ष्मी की हमारे प्रदेश के ऊपर अपार कृपा हो, धन-धान्य से भरा प्रदेश हो, प्रदेशवासी खुशहाली में हों, जिला वासी खुशहाली में हों, सबका व्यापार, सबकी सुख-शांति और सबका व्यवहार अच्छा हो।

अंत में उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास धरातल पर उतर रहा है। प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास की गंगा बह रही है और गरीब, किसान, मजदूर सभी के हित में काम हो रहा है।

*बोले -*

1. महतारी वंदन में 70 लाख बहनों को 33 महीने से हर महीने 1000 रुपये मिल रहे हैं।

2. सनातन ही सत्य है, भटके लोग अपने मूल धर्म में लौट रहे हैं।

3. बिरसा मुंडा जी ने तीर-धनुष से अंग्रेजों को खदेड़ा।

4. चार श्रम संहिता मजदूरों के हित में है।

5. दल्ली राजहरा बंद नहीं होगा, हरा-भरा रहेगा।

Hot Topics

Related Articles