लंबित चावल शीघ्र जमा करें राइस मिलर्स, पीडीएस में लापरवाही बर्दाश्त नहीं – कलेक्टर तोपनो

: कलेक्टर ने राइस मिलर्स और अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक, उचित मूल्य दुकानों में समय पर राशन पहुंचाने के दिए सख्त निर्देश

संदीप यादव मुंगेली। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुचारू रखने और पात्र हितग्राहियों को समय पर चावल उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर  अमृत विकास तोपनो ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ने जिला कलेक्टोरेट के मनियारी सभाकक्ष में राइस मिलर्स और संबंधित विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के गोदामों में राइस मिलर्स द्वारा जमा किए जाने वाले लंबित चावल की विस्तार से समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा कि पीडीएस शासन की सबसे महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी व्यवस्था है। इसके माध्यम से जिले के लाखों पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए राइस मिलर्स द्वारा समय-सीमा में चावल जमा करना अत्यंत आवश्यक है। चावल जमा करने में देरी से सीधे उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता प्रभावित होती है, जिसका खामियाजा गरीब परिवारों को भुगतना पड़ता है।

उन्होंने सभी राइस मिलर्स को स्पष्ट निर्देश दिए कि नान गोदामों में लंबित चावल समय-सीमा में अनिवार्य रूप से जमा करें। चावल जमा करने में अनावश्यक विलंब, उदासीनता अथवा लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी मिलर्स शासन के निर्देशों और निर्धारित प्रक्रिया का गंभीरता से पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

कलेक्टर ने खाद्य विभाग और नान के अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि प्रत्येक राइस मिल की लंबित चावल जमा करने की स्थिति की नियमित समीक्षा करें। मिलवार शेष मात्रा का आकलन कर जमा कार्य की प्रगति पर सतत निगरानी रखें और आपसी समन्वय से लंबित चावल शीघ्र जमा कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि जिले में पीडीएस का प्रभावी संचालन और प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर राशन पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी और राइस मिलर्स पूरी गंभीरता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ कार्य करें। बैठक में खाद्य अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी और राइस मिलर्स मौजूद रहे।

Hot Topics

Related Articles