रत्नजोत के जहरीले फल खाने से एक ही परिवार के 6 बच्चे बीमार, अस्पताल में भर्ती

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के अछोली गांव में रत्नजोत के फल खाने से एक ही परिवार के छह बच्चे बीमार हो गए। स्कूल से छुट्टी के बाद बच्चे गांव के बड़े तालाब के पास पहुंचे थे, जहां उन्होंने रत्नजोत के पौधों से फल तोड़कर खा लिए। कुछ देर बाद सभी बच्चों को उल्टी, चक्कर और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। परिजनों ने आनन-फानन में सभी को पलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

  • तालाब के पास पौधों से तोड़कर खाए फल

जानकारी के मुताबिक, बच्चे शाम के समय तालाब के पास गए थे। वहां रत्नजोत के पौधे लगे हुए थे। बच्चों को फल का स्वाद अच्छा लगा, जिसके बाद उन्होंने एक के बाद एक कई फल खा लिए। अंधेरा होने पर सभी बच्चे घर लौट आए। घर पहुंचने के कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टी, चक्कर व पेट दर्द की शिकायत होने लगी।

  • जतिन ने खाए थे सबसे ज्यादा फल 

परिजन योगेश बंजारे ने बताया कि बच्चों से पूछताछ करने पर उन्होंने तालाब के पास रत्नजोत के फल खाने की बात बताई। इसके बाद परिजन सभी बच्चों को मोटरसाइकिल से अस्पताल लेकर पहुंचे।

बीमार बच्चों में प्रतीक बंजारे (9), आदित्य चेलक (7), जतिन चेलक (9), प्रवीण बंजारे (13), प्रकाश बंजारे (10) और दिव्यांश बंजारे (7) शामिल हैं। सभी बच्चे एक ही परिवार के हैं। परिजनों के मुताबिक, जतिन ने अन्य बच्चों की तुलना में ज्यादा फल खाए थे, जिसके कारण उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई।

  • डॉक्टर बोले- सभी बच्चों की हालत नियंत्रण में

पलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर बीएस ध्रुव ने बताया कि रत्नजोत के फल खाने के कारण बच्चों को उल्टी, चक्कर और पेट दर्द की शिकायत हुई है। सभी बच्चों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है। फिलहाल सभी की स्थिति नियंत्रण में है।

घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। रत्नजोत जैसे जहरीले पौधों के फल और बीज बच्चों के लिए खतरनाक हो सकते हैं। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों को अनजान पेड़-पौधों के फल खाने से रोकने और जागरूक करने की जरूरत है।

Hot Topics

Related Articles