घर बैठे देख सकेंगे ई-चालान, ऑनलाइन भुगतान और रसीद की भी मिलेगी सुविधा

भाटापारा/ वाहन चालकों को अब ई-चालान की जानकारी लेने और उसका भुगतान करने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। परिवहन विभाग ने घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से लंबित ई-चालान देखने और ऑनलाइन भुगतान करने की सुविधा उपलब्ध कराई है।

इसके लिए वाहन स्वामी भारत सरकार के अधिकृत ई-चालान पोर्टल echallan.parivahan.g ov.in पर जाकर अपने वाहन का पंजीयन क्रमांक दर्ज कर सकते हैं। पोर्टल पर वाहन का विकल्प चुनने के बाद कैप्चा कोड भरकर ”गेट डिटेल” पर क्लिक करना होगा। इसके बाद संबंधित वाहन के विरुद्ध जारी लंबित चालानों की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी।

वाहन स्वामी जिस चालान का भुगतान करना चाहते हैं, उसके सामने दिए गए चेक बॉक्स या ”पे नाउ” विकल्प का चयन कर सकते हैं। इसके बाद नेट बैंकिंग, यूपीआई और डेबिट कार्ड सहित उपलब्ध डिजिटल माध्यमों से भुगतान किया जा सकेगा। ऑनलाइन भुगतान की सुविधा के साथ ही परिवहन विभाग ने साइबर धोखाधड़ी को लेकर वाहन चालकों को सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि किसी भी अनजान मोबाइल नंबर से भेजे गए मैसेज, संदिग्ध लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करें। विशेष रूप से व्यक्तिगत नंबरों से भेजे जाने वाले चालान भुगतान संबंधी लिंक से सावधान रहें। किसी अजनबी के कहने पर ऑनलाइन पैसे का भुगतान न करें और बैंक खाते से होने वाले लेन-देन पर सतर्कता बरतें। धोखाधड़ी से संबंधित कॉल, संदेश या संदिग्ध ऐप की जानकारी मिलने पर नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

 

Hot Topics

Related Articles