कोरबा में ग्रामीणों को हाथी खदेड़ना पड़ा भारी, भड़के दंतैल ने ट्रैक्टर पर हमला कर किया क्षतिग्रस्त; चालक ने कूदकर बचाई जान, देखें वीडियो

कोरबा (छत्तीसगढ़): जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत जिल्गा जंगल में हाथियों को खदेड़ने की कोशिश ग्रामीणों को उस वक्त भारी पड़ गई, जब शोर से भड़के एक दंतैल हाथी ने ट्रैक्टर पर हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत रही कि समय रहते चालक और अन्य ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से कूदकर व भागकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस पूरी घटना का लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिल्गा गांव के समीप स्थित जंगल में 11 हाथियों का एक दल (जिसमें एक शावक भी शामिल है) विचरण कर रहा था। हाथियों को आबादी क्षेत्र से दूर जंगल की ओर खदेड़ने के उद्देश्य से गांव के कुछ युवक सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर में सवार होकर जंगल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि ग्रामीण हाथियों को डराने के लिए ट्रैक्टर का साइलेंसर निकालकर तेज आवाज कर रहे थे और लगातार शोर मचा रहे थे।

ट्रैक्टर की तेज आवाज और शोर-शराबे से झुंड का एक दंतैल हाथी अचानक आक्रामक हो गया और झाड़ियों से निकलकर सीधे ट्रैक्टर की ओर दौड़ पड़ा। विशालकाय हाथी को अपनी ओर आता देख ट्रैक्टर चालक और उस पर सवार ग्रामीणों के होश उड़ गए। खतरा भांपते ही सभी लोगों ने तुरंत ट्रैक्टर से छलांग लगा दी और अलग-अलग दिशाओं में भागकर अपनी जान बचाई।

ग्रामीणों के भागने के बाद गुस्साए हाथी ने अपना पूरा गुस्सा ट्रैक्टर पर उतारा। हाथी ने अपनी सूंड से ट्रैक्टर के अगले हिस्से (इंजन) को पकड़कर जोरदार धक्का दिया और उसे पटका, साथ ही पैरों से कुचलकर ट्रैक्टर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले में ट्रैक्टर के अगले हिस्से और इंजन को काफी नुकसान पहुंचा है। हाथियों को खदेड़ने के दौरान कुछ ग्रामीण मोबाइल से इसका वीडियो बना रहे थे, जिसमें हाथी का आक्रामक रूप और ट्रैक्टर पर हमला करते हुए साफ देखा जा सकता है।

घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम हरकत में आई और ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी। वन अधिकारियों के मुताबिक, कोरबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वर्तमान में 18 हाथी अलग-अलग दलों में घूम रहे हैं। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के नजदीक न जाएं, उनके साथ छेड़छाड़ न करें और खुद उन्हें भगाने का जोखिम न उठाएं, बल्कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।

Hot Topics

Related Articles