ज्वेलर्स दुकान में चोरी के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, झाड़ियों से बरामद हुए जेवर

रिपोटर जियाउल खान ,अंबिकापुर , सरगुजा


अंबिकापुर। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए आर्टिफिशियल हार और कान के झुमके की एक जोड़ी बरामद की है। वहीं आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने आने के बाद मामले में बीएनएस की धारा 111 भी जोड़ी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, नवापारा नेहरू छात्रावास के पीछे रहने वाली निधि सोनी की ज्वेलर्स दुकान में 29 सितंबर से 30 सितंबर 2026 के बीच चोरी की वारदात हुई थी। अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और चांदी के 15 ब्रेसलेट सहित करीब 90 हजार रुपये के आर्टिफिशियल ज्वेलरी सामान लेकर फरार हो गए थे। पीड़िता की शिकायत पर गांधीनगर थाने में अपराध क्रमांक 616/2026 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।

विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही शिवांग चौहान उर्फ राहुल (20 वर्ष), निवासी सोनी मोहल्ला, गांधीनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों में छिपाकर रखे गए एक आर्टिफिशियल हार और कान के झुमके की एक जोड़ी बरामद कर जब्त की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के मुताबिक, इस चोरी में शामिल अन्य आरोपियों और शेष चोरी के सामान की तलाश जारी है। पूरी कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकांत सिंह सहित थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की सक्रिय भूमिका रही।

Hot Topics

Related Articles