छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पलारी नगर पंचायत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में इलाज के दौरान लापरवाही का एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहाँ प्रसव के दौरान पहले एक नवजात शिशु की मौत हो गई और उसके कुछ ही घंटों बाद प्रसूता मां ने भी दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मृतका के परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने अस्पताल के डॉक्टर व स्टाफ पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नर्स के भरोसे कराया गया प्रसव, बुलाने पर भी नहीं पहुंचे डॉक्टर
मृतका वेदबाई साहू के पति तीरथ साहू और ससुर महेश साहू ने बताया कि प्रसव पीड़ा शुरू होने पर वे बहू को पूरी तरह स्वस्थ अवस्था में सुबह पलारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उस समय कोई भी अनुभवी डॉक्टर मौजूद नहीं था। परिवार के सदस्य डॉक्टर को लगातार फोन कर अस्पताल आने की गुहार लगाते रहे, लेकिन डॉक्टर ने केवल इमरजेंसी होने या नर्स द्वारा बुलाए जाने पर ही आने की बात कहकर टाल दिया। इस बीच ड्यूटी पर तैनात नर्स ने ही प्रसव कराया, जिसके कारण सुबह करीब 8:50 बजे नवजात शिशु मृत पैदा हुआ।
रेफर करने से किया इनकार, बिगड़ती हालत में गई मां की जान
परिजनों के मुताबिक, नवजात की मौत के बाद महिला की स्थिति को देखते हुए उन्होंने उसे बेहतर इलाज के लिए किसी बड़े अस्पताल या धमतरी रेफर करने का निवेदन किया। आरोप है कि डॉक्टर ने महिला को पूरी तरह स्वस्थ बताकर रेफर करने से मना कर दिया। कुछ समय बाद जब प्रसूता की हालत तेजी से बिगड़ने लगी और परिजन उसे लेकर धमतरी की ओर रवाना हुए, तो रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। मृतका के ससुर ने रोते हुए कहा कि वे अपनी बहू को हंसते-खेलते अस्पताल लेकर आए थे, लेकिन अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही ने उन्हें दोहरी लाश सौंप दी।
डॉक्टर ने स्टाफ की कमी को बताया कारण, सीएमएचओ ने दिए जांच के आदेश
दूसरी ओर, इस पूरे मामले में पलारी स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर सुनील देवांगन ने किसी भी तरह की व्यक्तिगत लापरवाही से इनकार करते हुए सीधे तौर पर सरकारी व्यवस्था और संसाधनों की कमी को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि केंद्र में अनुभवी डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की भारी कमी है तथा एक ही शिफ्ट के स्टाफ से 24 घंटे काम लिया जा रहा है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. जेएल उइके ने जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।












