बिलासपुर में मेडिकल माफिया का बड़ा खेल, MD में एडमिशन दिलाने के नाम पर दो डॉक्टरों से 2.74 करोड़ की ठगी

बिलासपुर में मेडिकल पीजी में दाखिला दिलाने के नाम पर मेडिकल माफिया ने दो डॉक्टरों से 2.74 करोड़ रुपये की ठगी कर ली।

कमलकांत पाटनवार

बिलासपुर। मेडिकल पीजी (एमडी) में दाखिला दिलाने का झांसा देकर मेडिकल माफिया ने दो डाक्टरों से 2.74 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। गिरोह ने एक एमबीबीएस डॉक्टर के पिता से बेटे के भविष्य का हवाला देकर 1.29 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। पिता ने जीवनभर की जमापूंजी खर्च करने के साथ एजुकेशन लोन लिया और मकान गिरवी रखकर भी रकम जुटाई। इसके बावजूद बेटे को मेडिकल सीट नहीं मिली।

आरोपितों ने भरोसा दिलाने के लिए फर्जी अलाटमेंट लेटर तक थमा दिया। वहीं, एक अन्य डॉक्टर से भी पीजी सीट दिलाने के नाम पर 1.45 करोड़ रुपये वसूल लिए गए। दो साल तक रकम वापसी के लिए चक्कर काटने के बाद एक पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पांच आरोपितों पर सात धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने शिकायत के आधार पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, उत्तराखंड और बिलासपुर से जुड़े पांच आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना से संबंधित सात धाराओं में अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जीरो पर्सेंटाइल का झांसा देकर फोन पर फंसाया

पीड़ित 55 वर्षीय पिता ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा एमबीबीएस करने के बाद वर्ष 2023 में नीट पीजी की परीक्षा में शामिल हुआ था। इसी दौरान जीरो पर्सेंटाइल पर दाखिले की पात्रता की घोषणा का फायदा उठाकर अक्टूबर 2023 में गिरोह के एक सदस्य ने फोन किया। उसने एमडी रेडियोलाजी या मेडिसिन में सीट दिलाने का भरोसा दिया। इसके लिए ढाई करोड़ रुपये खर्च होने की बात कही, लेकिन सौदा 2.30 करोड़ रुपये में तय हुआ।

बैंकिंग और नकद के जरिए वसूली गई रकम

इसके बाद अलग-अलग बैंकिंग माध्यमों और नकद के जरिए एक करोड़ 29 लाख 37 हजार 801 रुपये वसूल लिए गए। इसमें 74 लाख 37 हजार 801 रुपये बैंकिंग माध्यम से और 55 लाख रुपये नकद दिए गए। फरवरी 2024 में दाखिले की सच्चाई सामने आने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।

इसके बाद आरोपित लगातार रकम लौटाने का आश्वासन देकर टालते रहे। अब एफआईआर के बाद पुलिस बैंक स्टेटमेंट, डीडी रिकॉर्ड और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आरोपितों की तलाश कर रही है।

Hot Topics

Related Articles