कमलकांत पाटनवार
बिलासपुर। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और बाद में शादी से मुकरने के मामले में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़िता ने शनिवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता आयोजित कर अपनी आपबीती साझा की। पीड़िता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2023 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान मध्यप्रदेश के लखनादौन निवासी सौरभ कुमार जैन से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उससे शादी करने तथा उसके बच्चों को अपनाने का भरोसा दिलाया। वर्ष 2024 में आरोपी बिलासपुर आया, जहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध स्थापित हुए और वे पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे। पीड़िता के अनुसार, इस दौरान वे परिवार के साथ गोवा, रायपुर और नागपुर सहित कई स्थानों पर घूमने गए तथा गणेश चतुर्थी के अवसर पर आरोपी ने उसके परिवार के साथ पूजा-अर्चना भी की थी। हालांकि, बाद में आरोपी कथित तौर पर शादी करने से मुकर गया।
पीड़िता ने बताया कि इस संबंध में थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। एफआईआर के बाद पुलिस की एक टीम आरोपी की तलाश में लखनऊ भी गई थी, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। महिला का आरोप है कि मामले के बाद उसे लगातार फोन कॉल और मैसेज के माध्यम से धमकियां मिल रही हैं, जिसकी सूचना उसने पुलिस को दे दी है।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) से खारिज हो चुकी है, इसके बावजूद अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। उसने कहा कि वह न्याय और कार्रवाई की मांग को लेकर थाना प्रभारी, सीएसपी और एसएसपी से कई बार मिल चुकी है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।

पीड़िता ने दावा किया है कि आरोपी के तीन मोबाइल नंबर वर्तमान में सक्रिय हैं और उनकी लोकेशन लखनऊ में मिल रही है। उसने पुलिस की ढुलमुल कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसे न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। पीड़िता ने प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने तथा उसे व उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की अपील की है।












