इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर प्यार और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म; हाईकोर्ट से जमानत खारिज होने के बाद भी आरोपी फरार, पीड़िता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती, फिर प्रेम संबंध और शादी का झांसा देकर एक महिला से शारीरिक शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने मध्यप्रदेश के लखनादौन निवासी सौरभ कुमार जैन पर शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में अपने वादे से मुकरने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि सरकंडा थाने में एफआईआर दर्ज होने और हाईकोर्ट से आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बावजूद पुलिस अब तक उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2023 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान आरोपी सौरभ कुमार जैन से हुई थी। शुरुआत में सामान्य बातचीत के बाद धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। महिला का आरोप है कि वर्ष 2024 में बिलासपुर में दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। इस दौरान आरोपी ने न केवल उससे शादी करने का वादा किया, बल्कि उसके बच्चों को भी अपनाने का पूरा भरोसा दिलाया। दोनों लंबे समय तक साथ समय बिताते रहे और तीज-त्योहार भी पति-पत्नी की तरह मनाते रहे।

पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी की बात आगे बढ़ाई और दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकरने लगा। इसी बीच महिला को पता चला कि सौरभ कुमार जैन पहले से ही शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। खुद को ठगा हुआ महसूस करने के बाद पीड़िता ने सरकंडा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया।

मीडिया के सामने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए पीड़िता ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। महिला के अनुसार, मामले की जांच के दौरान सरकंडा थाना प्रभारी का तबादला होने और नए थाना प्रभारी नरेश सिंह चौहान की पदस्थापना के बाद थाने में उसकी बात गंभीरता से नहीं सुनी जा रही है। पीड़िता ने बताया कि पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में मध्यप्रदेश और लखनऊ भी गई थी, लेकिन हर बार खाली हाथ वापस लौट आई।

युवती ने यह भी दावा किया है कि आरोपी के तीन मोबाइल नंबर अभी भी सक्रिय हैं, जिनकी लोकेशन लखनऊ में मिल रही है, इसके बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। पीड़िता का आरोप है कि फरार आरोपी अब फोन कॉल और मैसेज के जरिए उसे धमकियां भी दे रहा है, जिसकी अलग से शिकायत पुलिस को दी गई है। थाना प्रभारी, सीएसपी और एसएसपी कार्यालय के लगातार चक्कर काटने और केवल आश्वासन मिलने से परेशान होकर महिला ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Hot Topics

Related Articles