मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रज्वलित हुआ ‘दीपाथून’, कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ अनुष्ठान

मदुरै: तमिलनाडु के मदुरै स्थित ऐतिहासिक तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर बने ‘दीपाथून’ (पत्थर के दीप स्तंभ) पर शनिवार शाम करीब 5:00 बजे पारंपरिक कार्तिकई दीपम प्रज्वलित किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त दो रिसीवरों—मेघालय हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एस. वैद्यनाथन और मद्रास हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश वी. पार्थिबन—की प्रत्यक्ष देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पहाड़ी की चोटी पर स्थित स्तंभ तक आम जनता के जाने पर कड़ा प्रतिबंध लगाया गया था। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिरीक्षक (IG) विक्रम ने जानकारी दी कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 400 सीआरपीएफ जवानों और स्थानीय पुलिस की तैनाती की गई है और फिलहाल आम लोगों को दीप स्तंभ के पास जाने की अनुमति नहीं दी गई है। प्रशासन और कोर्ट द्वारा नियुक्त रिसीवरों के निर्देशानुसार, केवल 50 चयनित श्रद्धालुओं के एक समूह को ही पूर्व अनुमति के साथ पहाड़ी पर चढ़ने और शाम 5 बजे दीपक जलाने के कार्यक्रम में शामिल होने की इजाजत दी गई। हालांकि, दिन के समय पाबंदियों के बावजूद कुछ उत्साही श्रद्धालुओं और संगठनों के सदस्यों ने बैरिकेड्स हटाकर पहाड़ी की चोटी की ओर जाने वाले रास्ते पर बढ़ने का प्रयास किया, जिन्हें सुरक्षाबलों ने समय रहते नियंत्रित कर लिया। शाम को जैसे ही पहाड़ी की चोटी पर दीप प्रज्वलित हुआ, नीचे तलहटी में जमा हजारों श्रद्धालुओं ने पटाखे फोड़कर और भगवान मुरुगन के जयकारों के साथ अपनी खुशी जाहिर की।

गौरतलब है कि यह पूरा घटनाक्रम सुप्रीम कोर्ट के शुक्रवार के कड़े रुख के बाद सामने आया है। 24 नवंबर को कार्तिकई दीपम के मुख्य दिन प्रशासन द्वारा दीपाथून पर दीपक न जलाए जाने को शीर्ष अदालत ने अपने 20 नवंबर के आदेश की “जानबूझकर की गई अवहेलना” माना था। इसके बाद कोर्ट ने मंदिर के न्यासी बोर्ड को भंग कर दोनों पूर्व न्यायाधीशों को रिसीवर नियुक्त किया और पहाड़ी की सुरक्षा का जिम्मा सीआरपीएफ को सौंपते हुए शनिवार को हर हाल में दीपाथून पर दीप प्रज्वलित करने का निर्देश दिया था।

Hot Topics

Related Articles