एजी खबर (दीपक अवस्थी)।डोंगरगांव– नगर पंचायत ने बुधवार को अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुराने बस स्टैंड और बाजार क्षेत्र में सड़क अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई, पुराने बस स्टैंड से तक फैली दुकानों के सामान और टीन शेड हटाए। प्रशासन की यह कार्रवाई शहर की जाम और अव्यवस्था की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई है।
नगर पंचायत,राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सुबह पुराने बस स्टैंड परिसर, वार्ड-4 और वार्ड-5 के व्यापारिक क्षेत्रों में पहुंचकर दुकानों के सामने फैले अतिक्रमण को हटाया। दुकानदारों द्वारा लंबे समय से सार्वजनिक रास्ते पर सामान फैलाकर रखने से आम लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कत हो रही थी।
81 दुकानदारों को भेजा गया था नोटिस
नगर पंचायत ने हाल ही में किए गए सर्वे के आधार पर 81 दुकानदारों को नोटिस जारी कर 3 जून तक अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था। तय समय सीमा समाप्त होने के बाद बुधवार को कार्रवाई की गई। हालांकि, कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने यह कहते हुए विरोध जताया कि उन्हें नोटिस नहीं मिला और पहले अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई होनी चाहिए थी। बावजूद इसके प्रशासन ने वार्ड 4 और 5 में तय कार्रवाई को आगे बढ़ाया।
श्रीराम द्वार से चंडी मंदिर तक सड़क हुई क्लीयर
कार्रवाई के बाद श्रीराम द्वार से चंडी मंदिर तक की सड़क साफ हो गई है। इस मार्ग पर दुकानदारों द्वारा 5 से 10 फीट तक सामान फैलाकर रखा गया था, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही थी। इसी तरह चंडी मंदिर से दुर्गा मिल तक और वार्ड-4 के वाणिज्यिक परिसरों की अतिक्रमित दुकानों को भी हटाया गया।
प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
इस कार्रवाई में तहसीलदार पीएल नाग, नगर पंचायत के सीएमओ विनम्र जेमा, थाना प्रभारी अवनीश श्रीवास, पटवारी बीरेन्द्र साहू, लेखापाल भारद्वाज सहित राजस्व और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
चबूतरा पर कब्जा अब भी बरकरार
हालांकि प्रशासन ने सड़क पर फैले सामान और शेड हटाए, लेकिन दुकानदारों द्वारा चबूतरे पर किए गए कब्जे को नहीं हटाया गया। यह वही चबूतरे हैं जिन्हें पूर्व कार्यकारिणी के कार्यकाल में आबंटित करने की तैयारी थी। कब्जा देने की प्रक्रिया में गड़बड़ी उजागर होने के बाद वह प्रस्ताव फिलहाल ठंडे बस्ते में चला गया है, लेकिन अब भी कई दुकानदार इन चबूतरों पर अपने सामान फैलाकर व्यापार कर रहे हैं।





