डोंगरगांव (दीपक अवस्थी)।फोरलेन निर्माण के दौरान ठेकेदार के बेटे द्वारा गाली-गलौज और धमकी देने का मामला थाने पहुंच गया है। लोक निर्माण विभाग में पदस्थ स्थल सहायक ने डोंगरगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह गांधी पेट्रोल पंप और ठाकुर पेट्रोल पंप के बीच निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रहे थे। मौके पर ठेकेदार लेखराम साहू का बेटा राजेन्द्र साहू नाली में टूटे पाइप को लगवा रहा था, जिसका विरोध करने पर उसने गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी ने मिक्सचर मशीन से पीड़ित की बाइक (CG 08 AG 2609) को टक्कर मार दी, जिससे उसका साइड पैनल और लेग गार्ड टूट गया।
घटना के चश्मदीद गवाह मनीराम साहू, रमेश देवागन और नितेश सोनकर ने भी आरोपों की पुष्टि की है।
पीड़ित का कहना है कि राजेन्द्र साहू पूर्व में भी कई बार मारपीट कर चुका है, लेकिन कार्रवाई न होने से उसकी दबंगई बढ़ती जा रही है। थाना प्रभारी अवनीश श्रीवास नेबताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पूर्व में भी कर चुका मारपीट
ठेकेदार का बेटा पूर्व मे भी पी डब्ल्यू डी के कर्मचारियों के साथ मारपीट कर चुका है जिसकी शिकायत डोंगरगांव थाने में की गई थी और आपसी समझौता होने के बाद मामला रफा दफा कर दिया गया।





