रायपुर। छत्तीसगढ़ में साय कैबिनेट के विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज है। संगठन के पदाधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि, 18अगस्त को मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से सीएम विष्णुदेव साय को कैबिनेट विस्तार की हरी झंडी मिल चुकी है। वहीं आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे है। तीन नए मंत्री के नामों को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व 14 सदस्यीय मंत्रिमंडल बनाने पर सहमत हो चुका है। साय कैबिनेट में 2 संगठन और एक RSS की पसंद का मंत्री आने वाले दिनों में शामिल होगा। वहीं, पुराने मंत्रियों की कुर्सी सुरक्षित रहेगी, उनके विभागों में कोई बदलाव नहीं होगा।
दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 अगस्त को जापान और दक्षिण कोरिया की यात्रा पर रवाना होंगे। ऐसे में अनुमान है कि शपथ ग्रहण की प्रक्रिया अगले पांच दिनों में पूरी कर ली जाएगी। कैबिनेट विस्तार पर सीएम साय ने कहा कि इंतजार करते रहिए, हो भी सकता है।
18 अगस्त को हो सकता है कैबिनेट विस्तार
जानकारी के मुताबिक 18 अगस्त को प्रदेश के 3 नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण हो सकता है. सूत्रों के मुताबिक सीएम साय के विदेश दौरे से पहले नए मंत्रियों को शपथ ग्रहण हो सकता है. सीएम विष्णु देव साय 21 अगस्त को 10 दिनों के लिए विदेश दौरे पर जा रहे हैं. बता दें कि वर्तमान में साय कैबिनेट में 2 मंत्री पद खाली हैं. वहीं, प्रदेश में हरियाणा फॉर्मूला लागू होने की बात हो रही है. ऐसे में तीन नए मंत्री बनाए जा सकते हैं.
तीन नए चेहरे जुड़ेंगे
बीजेपी संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, संगठन विस्तार के दौरान तीन नेताओं को मंत्री पद की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसमें सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को प्राथमिकता दी जाएगी।
अनुमान है कि एक मंत्री सामान्य वर्ग से, दूसरा अनुसूचित जनजाति से और तीसरा पिछड़ा वर्ग से चुना जा सकता है। इसके साथ ही बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग से एक-एक मंत्री शामिल किए जाने की संभावनाजताई जा रही है।





