Wednesday, February 25, 2026
More

    हाई प्रोफाइल ड्रग कार्टेल का पर्दाफाश, रायपुर की इंटीरियर डिजाइनर मुंबई से गिरफ्तार

    रायपुर।   राजधानी में एक हाई प्रोफाइल ड्रग कार्टेल को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने नाइट पार्टीज़ में ड्रग्स सप्लाई करने वाले गिरोह की महिला सदस्य को मुंबई से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवती की पहचान नव्या मलिक के रूप में हुई है, जो पेशे से एक इंटीरियर डिजाइनर है और रायपुर के कटोरा तालाब क्षेत्र की निवासी है।

    कैसे हुआ ड्रग कार्टेल का खुलासा ?

    23 अगस्त को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने देवेंद्र नगर ओवरब्रिज के नीचे एक कार में सवार 3 युवकों, हर्ष आहूजा, मोनू विश्नोई (हिसार, हरियाणा), और दीप धनोरिया को गिरफ्तार किया था। इन युवकों के पास से 27.58 ग्राम MDMA ड्रग्स, 1 कार, ₹85,300 नगद, तौल मशीन और 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए थे। जब्त सामान की कुल कीमत करीब ₹20 लाख आंकी गई है।

    रायपुर की युवती का क्या कनेक्शन

    गिरफ्तार आरोपी मोनू विश्नोई ने पूछताछ में कबूल किया कि वह हर्ष आहूजा, दीप धनोरिया और एक स्थानीय युवती की मांग पर दिल्ली से ड्रग्स लेकर रायपुर पहुंचा था। इसी कड़ी में पुलिस को नव्या मलिक की जानकारी मिली, जिसे पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के समय युवती से 1 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट, ड्रग सप्लाई का रैपर और 2 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

    ड्रग कार्टेल में नव्या मलिक की भूमिका क्या ?

    रायपुर की इंटीरियर डिजाइनर नव्या मलिक अक्सर मुंबई आते-जाते रहती है। पुलिस को संदेह है कि वह नाइट पार्टीज़ में ड्रग्स सप्लाई कराने का काम कर रही थी। गिरफ्तार युवक हर्ष आहूजा उसका पड़ोसी है और पुलिस को आशंका है कि दोनों मिलकर इस गिरोह का संचालन कर रहे थे।

    3 दिन की पुलिस रिमांड पर नव्या

    फिलहाल पुलिस ने नव्या को 3 दिन की रिमांड पर लिया है। ड्रग्स की आपूर्ति श्रृंखला में कितने लोग शामिल हैं ? क्या मुंबई, दिल्ली और पंजाब में भी इससे जुड़े नेटवर्क फैले हुए हैं ? और रायपुर में किन हाई प्रोफाइल पार्टीज़ में यह ड्रग्स पहुंचाई जाती थी ? पुलिस इन सभी बिंदुओ पर पूछताछ कर जांच में जुटी हुई है।

    इस खुलासे ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ में बढ़ते ड्रग नेटवर्क  और युवाओं के ड्रग्स के प्रति बढ़ते रुझान को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि इस गिरोह की जड़ें कितनी गहरी हैं और पुसिल इस मामले में और कितने आरोपियों को बेनकाब करने में सफल होती है।

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!