कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उससे 500-500 रुपए के 15 जाली नोट बरामद किए। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने अवैध कारोबार को रोकने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई जिले में अपराध और संगठित गिरोहों के खिलाफ चल रहे अभियान को और मजबूत करेगी। मामला तब सामने आया जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नकली नोटों की खेप जिले में पहुंच रही है। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी दशरंगपुर की टीम ने तुरंत एनएच-30 पर निर्माणाधीन चौकी के सामने नाकाबंदी की। वहां मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 बीएम 8370 पर सवार संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच में आरोपी भीखम चंद्रवंशी मोहतरा (थाना पांडातराई) के पास से 500-500 रुपए के 15 नकली नोट बरामद हुए। बरामद नकली नोटों का कुल मूल्य लगभग 1,35,000 रुपए आंका गया है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर धारा 179 और 180 बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ओडिशा से जुड़े एक नेटवर्क के संपर्क में है, जो नकली नोटों की आपूर्ति करता है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की तलाश में गहन जांच कर रही है ताकि इसके अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नकली नोटों का कारोबार क्षेत्र में आर्थिक अपराधों को बढ़ावा देता है, जिससे आम नागरिकों और व्यापारियों को भारी नुकसान हो सकता है। जिला पुलिस कप्तान धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि कबीरधाम पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के लिए सख्त संदेश है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नकली नोटों का कारोबार, नशे का फैलाव, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और अन्य संगठित अपराधों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस आम जनता की सुरक्षा और जिले को अपराधमुक्त बनाने के लिए निरंतर अभियान चला रही है।





