बस्तर। आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर में शारदीय नवरात्र को लेकर तैयारियां पूरी हो गईं हैं। मंदिर पूरी तरह सज चुका है। वहीं इस बार मंदिर में 11 हजार आस्था के ज्योत जलाने का लक्ष्य है। घी के ज्योत के लिए 2100 और तेल के ज्योत के लिए 1100 रुपए की रसीद काटी जा रही है। दरअसल, काउंटर और ऑनलाइन दोनों माध्यम से भक्त रसीद कटवा सकते हैं। विदेशों के भक्त भी ज्योतजलानेhttp://www.maadanteshwari.in वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग करवा रहे हैं। इसके अलावा यदि कोई भक्त पूरे 9 दिनों तक माता के दर्शन करना चाहता है तो 2100 रुपए की रसीद कटवा सकता है। मंदिर में भक्तों के लिए दंतेश्वरी देवी के करीब से दर्शन करने के लिए VIP दर्शन की सुविधा भी है। प्रति व्यक्ति 500 रुपए देकर VIP दर्शन की सुविधा का लाभ ले सकते हैं। हालांकि, बच्चों की एंट्री फ्री रहेगी। वहीं नवरात्रि के पूरे 9 दिनों तक कला मंच में सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जबलपुर, रायपुर, रायगढ़ समेत अलग-अलग जगहों से जगराता करने मंडली को बुलाया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। मंदिर के पुजारी विजेंद्र नाथ जिया ने कहा कि, मंदिर में नवरात्र की सारी तैयारी हो गई है। मंदिर परिसर पूरी तरह से सज चुका है। 9 दिनों तक देवी की विशेष पूजा-अर्चना होगी।





