एक क्लिक में टैक्स, प्रमाण पत्र, शिकायत और सभी सेवाएँ
डोंगरगांव (दीपक अवस्थी)।पूरा देश तेजी से डिजिटल हो रहा है और शासन–प्रशासन की अधिकांश सेवाएँ मोबाइल आधारित हो रही हैं। इसी क्रम में डोंगरगांव नगर पंचायत ने भी नागरिक सेवाओं को डिजिटल स्वरूप में बदलने की पहल की है। नगर पंचायत ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए एक स्मार्ट चैट बाट विकसित किया है, जो व्हाट्सएप पर चैट जी पी टी की तरह काम करता है। इसके लिए +91 73892 75586 नंबर जारी किया गया है।
नगर पंचायत द्वारा दिए गए नंबर को सेव करने पर व्हाट्सएप के माध्यम से सभी तरह की जानकारी आसानी से उपलब्धह जाती है।
संपत्ति कर–जल कर की जानकारी और भुगतान मिनटों में
इस चैट बाट के माध्यम से नागरिक
- संपत्ति कर,
- जल कर,
- मकान/दुकान से संबंधित रिकॉर्ड,
- बकाया राशि और ऑनलाइन कर भुगतान लिंक
सिर्फ कुछ सेकंड में प्राप्त कर सकते हैं।
जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र आवेदन
चैट बाट में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित सर्विस भी उपलब्ध करा दी गई है। नागरिक:
- जन्म प्रमाण पत्र आवेदन,
- मृत्यु प्रमाण पत्र आवेदन,
- आवेदन की स्थिति
व्हाट्सएप पर ही जान सकते हैं।
शिकायत निवारण और आपातकालीन सुविधा भी शामिल
नगर पंचायत से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत—
- स्ट्रीट लाइट,
- पानी की आपूर्ति,
- सफाई व्यवस्था,
- सड़क संबंधी समस्या
को सीधे चैट बाट के माध्यम से दर्ज किया जा सकता है। आपातकालीन सेवाएँ भी इससे जोड़ी जा रही हैं।
अभी प्रोटोटाइप, जल्द जुड़ेंगी बुकिंग सुविधाएँ
नगर पंचायत ने बताया कि चैट बाट फिलहाल प्रोटोटाइप चरण में है। इसमें आगे––
- भवन/सामुदायिक भवन की बुकिंग,
- टैंकर की बुकिंग,
- अन्य दस्तावेज सेवाएँ जोड़ी जाएँगी।
मोबाइल ऐप भी तैयार होने की प्रक्रिया में
नागरिकों की सुविधा को देखते हुए नगर पंचायत अब एक मोबाइल एप्लीकेशन भी विकसित कर रहा है, जिसे जल्द ही प्ले स्टोर पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें सभी प्रकार की नगर पंचायत सेवाएँ एक ही प्लेटफ़ॉर्म पर मिलेंगी।
नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी विनम्र जेमा ने कहा—
“पूरा देश डिजिटल हो रहा है, ऐसे में नगर पंचायत को भी डिजिटल स्वरूप से जोड़ना आवश्यक है। आज की तारीख में मोबाइल सबसे सुलभ माध्यम है। इसी उद्देश्य से नगर पंचायत का चैट बाट बनाया गया है और जल्द ही एप्लीकेशन भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आमजन को सभी सुविधाएँ एक ही स्थान पर मिल सकें।”








