Wednesday, February 25, 2026
More

    डोंगरगांव: पी एम श्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल ने नगर पंचायत के वाइस प्रेसिडेंट को बना दिया सब प्रेसिडेंट

    गलती स्वीकार, नया कार्ड भेजने का दावा… उपाध्यक्ष बोले – अभी तक मिला नहीं


     डोंगरगांव(दीपक अवस्थी)डोंगरगांव के पीएम श्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में इस बार गणतंत्र दिवस कार्यक्रम से पहले ही अंग्रेजी की विशेष “प्रायोगिक कक्षा” लग गई। कारण बना वह आमंत्रण पत्र, जिसमें नगर पंचायत के उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता को “Vice President” की जगह “Sub President” लिख दिया गया।

    राष्ट्रीय पर्व, अंग्रेजी माध्यम स्कूल और चमकदार कार्ड—सब कुछ व्यवस्थित दिखा, सिवाय अंग्रेजी के। “Sub President” शब्द ने पूरे शहर को सोचने पर मजबूर कर दिया कि क्या अब पदनाम भी स्थानीय स्तर पर नए सिरे से गढ़े जा रहे हैं?


    इस विषय में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के भाषा विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर मधुलता बारा ने स्पष्ट किया कि “उपाध्यक्ष” का सही अंग्रेजी शब्द “Vice President” है। “Sub President” शब्द न तो प्रचलन में है और न ही पद की गरिमा के अनुरूप।


    मामला सामने आने के बाद स्कूल के प्राचार्य भरत लाल देवांगन से बातचीत की गई। उन्होंने त्रुटि स्वीकारते हुए कहा कि गलती हो गई थी और उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता को सही पदनाम के साथ नया आमंत्रण पत्र भेज दिया गया है।

    हालांकि जब उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें अब तक कोई सुधारित कार्ड प्राप्त नहीं हुआ है। यानी अंग्रेजी की गलती तो पकड़ में आ गई, लेकिन सुधारित कार्ड अभी तक ‘ट्रांजिट’ में है।

    अब बड़ा सवाल यह है कि जब अंग्रेजी माध्यम स्कूल के आधिकारिक आमंत्रण पत्र में इतनी बुनियादी त्रुटि हो सकती है, तो कक्षा में बच्चों को किस स्तर की अंग्रेजी पढ़ाई जा रही होगी? यदि “Vice” और “Sub” के अंतर पर ही भ्रम हो जाए, तो विद्यार्थियों की कॉपियों में क्या-क्या नए प्रयोग हो रहे होंगे, इसकी कल्पना सहज ही की जा सकती है।

    डोंगरगांव में लोग यही कह रहे हैं—

    “स्कूल इंग्लिश मीडियम है, पर अंग्रेजी अभी प्रैक्टिकल में है।”

    फिलहाल यह प्रकरण केवल एक प्रिंटिंग मिस्टेक नहीं, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता पर उठते सवालों का प्रतीक बन गया है। अब देखना यह है कि अगली बार कार्ड छपने से पहले शब्दकोश भी सलाहकार बनाया जाता है या नहीं।

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!