Wednesday, February 25, 2026
More

    छुरिया: उत्कृष्ट कार्य के लिए बीएलओ (खुज्जी) श्रीमती अंजुम कुरैशी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया

    •  राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिला स्तरीय समारोह संपन्न
    • नवीन मतदाताओं को बैच लगा कर किया गया सम्मानित
    •  उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया गया सम्मानित

    राजनांदगांव /छुरिया ।राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विजय कुमार होता आज जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जितेन्द्र यादव विशेष रूप से उपस्थित थे।

    जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विजय कुमार होता ने कार्यक्रम को संबोधित करने हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना दिवस को गणतंत्र दिवस के ठीक एक दिन पहले 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। भारतीय संविधान अनुच्छेद 326 भारत के नागरिकों को मतदान का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार संवैधानिक अधिकार के साथ एक संवैधानिक कर्तव्य भी है। उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय ने विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के बारे में कहा है कि मतदान का अधिकार जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण निष्पक्ष निर्वाचन है। भारत के युवाओं को 18 वर्ष पूर्ण होने पर मतदान का अधिकार मिल जाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग कराना एवं युवाओं को मतदान की प्रक्रिया से जोडऩा है। जिससे मतदाता सशक्त राष्ट्र का नागरिक बनें और देश के विकास में भागीदारी तय कर सके। जो नागरिक मताधिकार का प्रयोग करता है, वह सक्रिय मतदाता है। जो नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं करते हैं, वह निष्क्रिय मतदाता होते हैं। इससे निष्क्रिय मतदाता की हानि नहीं होती, यह एक संस्थागत हानि होती है।  निर्वाचन लोकतंत्र का उत्सव है और युवा मतदाता अपने मतदान के अधिकार का सर्वाधिक प्रयोग करें।

    कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जितेन्द्र यादव ने सभी को लोकतंत्र के पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सदियों से मतदान हमारे जीवन का हिस्सा रहा होगा। ऐतिहासिक तौर पर भी हमारे देश में जनपदों में लोकतंत्र का स्वरूप रहा है। मतदान का अधिकार एक ऐसी शक्ति है, जिसके माध्यम से नागरिक जनप्रतिनिधि एवं सरकार को चुनते हैं ।आने वाले समय में युवा भी मतदान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। न सिर्फ वोट दें बल्कि वोट लेने के लिए भी आगे आएं। उन्होंने मतदाताओं से आव्हान करते हुए कहा कि मताधिकार का विवेकपूर्ण उपयोग करें।

    इस दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजनांदगांव श्री विजय कुमार होता ने कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मतदाताओं को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। साथ ही नवीन मतदाताओं को बैच लगा कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिसमें छुरिया से  श्रीमती अंजुम कुरैशी को उत्कृष्ट बीएलओ (खुज्जी) के रूप में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ मतदाताओं एवं दिव्यांग मतदाताओं को श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश टंडन, जिला परियोजना अधिकारी साक्षरता श्रीमती रश्मि सिंह सहित अन्य अधिकारी, बीएलओ सहित वरिष्ठ दिव्यांग, युवा व अन्य मतदाता उपस्थित थे।

     

     

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!