- पुलिस की घेराबंदी में 5 आरोपी गिरफ्तार, 9 मवेशी बरामद
डोंगरगांव (दीपक अवस्थी )05 फरवरी 2026।थाना डोंगरगांव पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो पिकअप वाहन से 9 नग कृषि उपयोगी गौवंश बरामद किए हैं। मामले में महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
बरामद गौवंश में 8 जीवित पाए गए, जबकि 1 मवेशी मृत अवस्था में मिला। प्रारंभिक जांच में वाहन में अत्यधिक संख्या में मवेशियों को ठूंसकर भरने और चारा-पानी नहीं दिए जाने की बात सामने आई है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
दिनांक 03 फरवरी 2026 की रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक सफेद रंग की बोलेरो पिकअप में गौवंश को अवैध रूप से भरकर महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में पुलिस ने ग्राम कुल्हाड़ी, गुडरदेही रोड स्थित भोजराज भंडारी के घर के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान पिकअप में गौवंश को अमानवीय तरीके से भरा पाया गया।
महाराष्ट्र से हैदराबाद तक ले जाने की योजना
पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से बताया कि मवेशियों को मिस्प्री (जिला गोंदिया, महाराष्ट्र) ले जाया जा रहा था, जहां से आगे हैदराबाद स्थित कत्लखाने भेजने की तैयारी थी। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य कड़ियों की जांच कर रही है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला आरोपियों के विरुद्ध —
छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10
पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11
भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325
मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192
के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
महाराष्ट्र निवासी:
- डोमेंद्र वाल्दे (37), टोमेंद्र केशु मेश्राम (21), परमानंद सलामे (22)
छत्तीसगढ़ निवासी:
- प्रकाश उर्फ ओमप्रकाश साहू (24), जानुक राम हल्बा (56)





