रायपुर।गर्मियों शुरू हो चुकी है। ऐसे में हर जगह पानी की समस्या होना आम बात है। रायपुर स्थित प. रविशंकर शुक्ल विश्विद्यालय परिसर में भी कई विभागों में पानी की समस्या सामने आई। कई छात्रों की शिकायत के बाद विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष आलोक सिंह ने विश्वविद्यालय प्रशासन के सम्मुख अनोखा प्रदर्शन किया। उन्होंने न केवल कुलसचिव को ज्ञापन दिया बल्कि पानी से भरे जार भेंट कर विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल भी खड़े किए। साथ ही साथ शाम 5 बजे तक इस समस्या का निवारण करने हेतु सख्ती दिखाई।

इस अनोखे प्रदर्शन का प्रभाव इतना ज़्यादा रहा कि विश्विद्यालय प्रशासन के कान खड़े हो गए और आनन-फ़ानन में विश्वविद्यालय प्रशासन ने दो घंटे के भीतर हर समस्या का समाधान कर सभी विभागों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कर दी।
छात्रनेता आलोक सिंह ने बताया कि उन्हें बहुत दिनों से कई छात्रों से पानी की समस्या को लेकर शिकायत प्राप्त हो रही थी। उन्होंने विश्विद्यालय प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों से पूरी तरह फीस तो वसूली जाती है पर सुविधाएं देने के समय प्रशासन का रवैया सुस्त नज़र आता है। पानी की समस्या किसी भी छात्र की न हो इसलिए उन्होंने इस प्रकार का अनोखा प्रदर्शन करविश्वविद्यालय का ध्यान आकर्षित किया और छात्रों की समस्याओं का समाधान हुआ। भविष्य में भी छात्रों की किसी भी समस्या के लिए हम 24 घंटे उपस्थित रहेंगे।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से अनिकेत, राहुल, पार्थ, विजय, हिम्मत, यस, आदित्य सहित बड़ी संख्या में छात्रसंघ में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





