राजनांदगांव ।प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने असम राज्य के गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त की राशि को आधार बेस्ड भुगतान प्रणाली के माध्यम से देशभर के किसानों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित किया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त के रूप में जिले के 102738 किसानों को 20 करोड़ 74 लाख रूपए का भुगतान किया गया। शासन के निर्देशानुसार इस अवसर को किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया गया। इसी क्रम में जिला पंचायत राजनांदगांव के सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, जिला पंचायसत सदस्य श्री प्रशांत कोडापे, श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री संतोष अग्रवाल उपस्थित थे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं किसानों को प्रधानमंत्री द्वारा गुवाहाटी से दिए गए संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से लाभान्वित होने वाले किसानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
श्री कोमल सिंह राजपूत ने पीएम किसान सम्मान निधि तथा कृषक उन्नति योजना से किसानों को होने वाले फायदे के बारे में जानकारी दी। श्री संतोष अग्रवाल ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों को नवाचारी गतिविधियों से जोडऩे केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने कहा। उप संचालक कृषि श्री टीकम सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा आजीविका के लिए केवल कृषि फार्म पर निर्भर रहने वाले देश के लघु, सीमांत तथा दीर्घ कृषकों को वर्षभर कृषि फार्म में कोई भी आर्थिक समस्या का सामना नहीं करना पड़े, इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए वर्ष 2019 प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की शुरूआत की गई थी। इस योजना के माध्यम से किसानों को हर 3 माह में 2000 रूपए के मान से कुल 6000 रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कृषक उपस्थित थे।





