सूने मकान में चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार; 4 लाख के जेवर बरामद

डोंगरगांव (दीपक अवस्थी)। थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन पुरुष एवं एक महिला सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए करीब 4 लाख रुपये मूल्य के समस्त आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 जनवरी 2026 को राजीव नगर निवासी प्रवीण कुमार सिंह ने थाना डोंगरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर आलमारी एवं लॉकर में रखे सोने के कंगन, मंगलसूत्र एवं ईयरिंग चोरी कर ले गए। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 61/2026 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।

जांच के दौरान थाना प्रभारी (प्रशिक्षु आईपीएस) आदित्य कुमार और निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण, आसपास के लोगों से पूछताछ तथा सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। संदेह के आधार पर पुलिस ने नमीत निर्मलकर उर्फ सन्नी एवं राहुल कुमार मालेकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने चोरी की घटना को स्वीकार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए आभूषणों को उन्होंने तुलीका रायकर एवं आशिष रायकर को बेचने हेतु दिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नमीत निर्मलकर से 10,000 रुपये नगद, तथा राहुल मालेकर के कब्जे से चोरी की रकम से खरीदी गई एक्टिवा क्रमांक CG 28 M 7613 एवं मकान की चाबी जब्त की।

इसके अतिरिक्त, तुलीका रायकर के कब्जे से सोने का मंगलसूत्र तथा आशिष रायकर से दो कंगन एवं ईयरिंग बरामद किए गए। इस प्रकार पुलिस ने प्रकरण में चोरी गए समस्त आभूषणों की बरामदगी सुनिश्चित की है।

उक्त कार्रवाई में प्रधान आरक्षक सुरेश सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख, आरक्षक ओंकार कुर्रे, आरक्षक चंद्रप्रकाश हरमुख एवं महिला आरक्षक अभिलाषा सिंह ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Hot Topics

Related Articles