बालोद/कांकेर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बारातियों से भरी एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार 30 से ज्यादा बारातियों ने कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, कांकेर जिले के चारामा ब्लॉक के ग्राम आरौद से शादी संपन्न कर बाराती बालोद जिले के बड़गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पुरुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतरा मंदिर के पास, एनएच-30 पर अचानक बस में आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस में अचानक आग भड़क उठी। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई।
गनीमत रही कि आग लगते ही चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को तुरंत रोक दिया। इसके बाद बस में सवार सभी बारातियों ने तेजी से नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि बस और यात्रियों का सामान पूरी तरह जल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुरुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।





