रायपुर।छत्तीसगढ़ की राजधानी में देर रात पूर्व विधायक धनीराम साहू के बेटे जय साहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। शुरुआती जांच में पारिवारिक तनाव की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना पंडरी थाना क्षेत्र की है।
पत्नी किरण ने आरोप लगाया है कि जय ने उनसे पहली शादी की बात छिपाई थी। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेडिंग को लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता था और उससे मारपीट भी की जाती थी।
जानकारी के मुताबिक जय साहू (45) मोवा के आदर्श नगर में परिवार के साथ रहते थे। रविवार रात परिजनों ने सूचना दी कि उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया है पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजा खोलने पर उनका शव फंदे से लटका मिला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
पत्नी से हुआ था विवाद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जय साहू पिछले कुछ समय से पारिवारिक कारणों के चलते परेशान थे। बताया जा रहा है कि बीते दिनों उनकी पत्नी किरण से भी विवाद हुआ था। घटना के समय उनकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी।
पुलिस को आशंका है कि इसी तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया हो सकता है। फिलहाल पुलिस परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।





