डोंगरगांव( दीपक अवस्थी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नाश्ते के बिल को लेकर बड़े भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। 30 हजार रुपए के नाश्ते का बिल बढ़ाकर 70 हजार रुपए पास कर दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में होटल संचालक यह कहते हुए नजर आ रहा है कि उसके यहां से करीब 30 हजार रुपए का नाश्ता सप्लाई किया गया था, लेकिन उसके खाते में 70 हजार रुपए जमा किए गए। इसके बाद एक कर्मचारी महिला द्वारा उससे 40 हजार रुपए नकद वापस ले लिए गए।
इस तरह हुआ भ्रष्टाचार
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव में करीब 30 हजार रुपए का नाश्ता सप्लाई किया गया। इसके बाद संबंधित कर्मचारियों ने मिलीभगत कर उसी का 70 हजार रुपए का बिल पास कर दिया और पूरी राशि होटल संचालक के खाते में जमा करा दी।
आरोप है कि भुगतान होने के बाद होटल संचालक से कहा गया कि वह 30 हजार रुपए सप्लाई के रूप में रख ले और बाकी 40 हजार रुपए नकद वापस कर दे। इसके बाद उक्त राशि वापस ले ली गई।
मामले को लेकर नगर पंचायत उपाध्यक्ष की शिकायत के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नेत राम नवरतन गुरुवार को अस्पताल पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण भी किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीएमएचओ ने कहा, “वीडियो जो सामने आया है, उसकी जांच के लिए कमेटी बनाई जा रही है। जांच के उपरांत ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।”
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पानी की समस्या के समाधान के निर्देश भी दिए और स्पष्ट कहा कि मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
अब इस पूरे मामले में जांच कमेटी की रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के आधार पर ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय की जाएगी।
डोंगरगांव में दंत चिकित्सक की कमी दूर करने 89 दिन की संविदा नियुक्ति
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव में दंत चिकित्सक की कमी को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय ने 29 अप्रैल 2026 को जारी आदेश में डॉ. रूपल राठी को 89 दिनों के लिए संविदा आधार पर नियुक्त किया है।
यह निर्णय तब लिया गया जब प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव के समक्ष नगर पंचायत उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता ने दंत चिकित्सक के मातृत्व अवकाश के कारण मरीजों को हो रही परेशानी उठाई।





