CG NEWS: दादी की टंगिया से हत्या, पोता गिरफ्तार

कवर्धा: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के ग्राम कोको में एक दर्दनाक वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी दादी की टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल को सूचना मिली थी कि गांव में एक बुजुर्ग महिला की घर के अंदर हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि 75 वर्षीय बुधन बाई की टंगिया से हमला कर हत्या की गई है। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल को सील कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान आरोपी जीतेंद्र पात्रे (32) घर के अंदर बंद मिला। जब पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो वह हाथ में टंगिया लेकर बाहर आया, जिसे पुलिस ने तुरंत काबू में लेकर जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपने भाई गैदलाल पर भी हमला करने की कोशिश की। हमले से बचने के लिए भाई जान बचाकर मकान की छत से कूद गया, जिससे उसे चोटें आईं। एफएसएल टीम की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Hot Topics

Related Articles