धमतरी :थाना परिसर में कंडम और जब्त वाहन जलकर खाक, राइस मिल में आग से लाखों का नुकसान

धमतरी।छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में भीषण गर्मी के बीच आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। जिले के दो अलग-अलग जगहों पर लगी आग ने भारी नुकसान पहुंचाया है। एक ओर अर्जुनी थाना परिसर के पास रखे कंडम और जब्त वाहनों में भीषण आग लग गई, तो दूसरी ओर कुरूद क्षेत्र के एक राइस मिल में आग ने लाखों रुपये की संपत्ति को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।

कंडम और जब्त वाहनों में लगी आग

पहली घटना धमतरी के अर्जुनी थाना क्षेत्र की है, जहां थाना परिसर के समीप खुले मैदान में रखे कंडम और जब्त वाहनों में अचानक आग लग गई। भीषण गर्मी और तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते आग की लपटों ने थाना परिसर के पास खड़े पांच जब्त वाहनों को अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राइस मिल में आग से अफरा-तफरी

वहीं दूसरी घटना कुरूद क्षेत्र स्थित एक राइस मिल की है, जहां अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने मिल परिसर में रखे बारदाना धान के कट्टे और प्लास्टिक की बोरियों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

पुलिस तक नहीं पहुंची शिकायत

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दमकल कर्मियों ने आग को फैलने से रोक लिया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। हालांकि अभी तक राइस मिल संचालक द्वारा पुलिस में शिकायत नहीं की है।

Hot Topics

Related Articles