डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र में अवैध खाद भंडारण के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने ग्राम छिपा में एक गोदाम को सील कर दिया है। कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 450 बोरी खाद का भंडारण मिला, जिसे बिना वैध दस्तावेज और अनुमति के रखा गया था।
जानकारी के मुताबिक, कृषि विभाग की टीम को लगातार अवैध रूप से खाद संग्रहण और बिक्री की शिकायत मिल रही थी। शिकायत के आधार पर विभाग ने ग्राम छिपा निवासी ओमकार लिल्हारे के गोदाम में दबिश दी। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में खाद का स्टॉक मिला, लेकिन संबंधित दस्तावेज और वैध रिकॉर्ड नहीं मिले।
इसके बाद विभाग ने मौके पर ही गोदाम को सील कर दिया और पूरे स्टॉक की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि खाद का भंडारण कालाबाजारी या बिना लाइसेंस बिक्री के उद्देश्य से किया गया हो सकता है। कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि किसानों के लिए निर्धारित खाद की अवैध जमाखोरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं उन्होंने आगे कहा कि मामले में संबंधित व्यक्ति से दस्तावेज मांगे गए हैं और जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। किसानों के बीच भी चर्चा है कि खेती के सीजन में खाद की कृत्रिम कमी पैदा कर मुनाफाखोरी की कोशिश लंबे समय से चल रही थी, जिस पर अब विभाग ने सख्ती दिखाई है।





