राजनांदगांव: दुर्ग से राजनांदगांव आ रही कार से गांजा जब्त, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

राजनांदगांव। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सोमनी पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, नगदी रकम और घटना में प्रयुक्त कार समेत कुल 7 लाख 66 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक दिलीप पटेल के नेतृत्व में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ठाकुरटोला टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।जांच के दौरान दुर्ग से राजनांदगांव की ओर आ रही कार क्रमांक सीजी 08 बीई 0156 को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार तीन युवकों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान फैजल अंसारी (24 वर्ष), नील गिडवानी (24 वर्ष) और अतुल गोस्वामी (26 वर्ष) के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान कार के अंदर रखे चार पैकेटों से कुल 4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

साथ ही आरोपियों के पास से 12 हजार 500 रुपये नगद भी मिले। पुलिस ने गांजा, नगदी और घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 7 लाख 66 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

प्रारंभिक जांच में आरोपियों का कृत्य एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध मामला दर्ज किया। कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

Hot Topics

Related Articles