रायपुर।देश के सबसे बड़े अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने बहुचर्चित महादेव ऐप भ्रष्टाचार और सट्टेबाजी मामले में छह नए आरोप पत्र – चार्जशीट दाखिल किए हैं। जांच एजेंसी ने इस मामले में छह मुख्य आरोपियों – असीम दास, रोहित गुलाटी, विकास छापरिया, अनिल धम्मानी, विशाल आहूजा और धीरज अहूजा को नामजद किया है।
इनके साथ ही, जांचकर्ताओं ने इस घोटाले के मुख्य सरगनाओं – सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ अतिरिक्त सबूत भी अदालत के समक्ष पेश किए हैं, जिन्हें पहले ही आरोपित किया जा चुका है।
इन भगोड़ों को कानून के दायरे में लाने के लिए अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों की मदद ली जा रही है। विदेश भाग चुके चार मुख्य आरोपियों के खिलाफ इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस पहले ही जारी किए जा चुके हैं। इसके साथ ही, भारतीय कानून के तहत इन व्यक्तियों को ‘भगोड़ा आर्थिक अपराधी’ घोषित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिससे देश में मौजूद उनकी संपत्तियों को जब्त किया जा सके।






