भाटापारा : ग्राम खोखली स्थित श्री राम दाल मिल में लाखों की चोरी

भाटापारा /खोखली (मोहन तिवारी)क्षेत्र में लगातार सक्रिय चोर गिरोह ने एक बार फिर पुलिसिया सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। शुक्रवार रात ग्राम खोखली स्थित श्री राम दाल मिल में चोरों ने करीब 3 से सवा 3 लाख रुपए की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। शातिर चोर ने जिस सफाई से इस वारदात को अंजाम दिया, उससे आशंका जताई जा रही है कि वह मिल की भौगोलिक स्थिति से पूरी तरह वाकिफ था।

इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में आक्रोश है। मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने मिल के पिछले हिस्से से पहली मंजिल (फर्स्ट फ्लोर) पर चढ़कर वारदात को अंजाम दिया। चोर ने सबसे पहले पहली मंजिल पर लगी खिड़की के तीन लोहे के रॉड तोड़े और अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद वह सीधे ऑफिस में पहुंचा और वहां रखी नगदी समेट ली। चोर ने ऑफिस में रखे किसी अन्य सामान या दस्तावेज को छुआ तक नहीं। वह पैसा लेकर पिछले रास्ते से ही बड़ी आसानी से फरार हो गया। हालांकि सीसीटीवी में उसकी तस्वीर आ गई है।

भाई के घर तीन साल में तीन बार चोरी, एक बार भी नहीं पकड़ा गया चोर: मिल के प्रोप्राइटर नरेश मंधानी ने कहा चोर को मिल के चप्पे-चप्पे की सटीक जानकारी थी। पिछला रास्ता ऐसा है कि वहां कोई इत्तेफाक से नहीं पहुंच सकता। हमने एफआईआर दर्ज करा दी है, मेरे भाई विनोद के यहां पिछले तीन सालों में तीन बार चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन आज तक पुलिस एक भी चोर को नहीं पकड़ पाई है। चोरियां लगातार बढ़ रही हैं, मगर ठोस कार्रवाई गायब है। भाटापारा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही चोरियों की घटनाओं ने आम नागरिकों की नींद उड़ा दी है।

नागरिकों के अनुसार, रात के समय सड़कों और औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी न के बराबर होती है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों गश्त तेज करने की मांग की है। एसडीओपी तारेश साहू ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया मिल संचालक नरेश मंधानी द्वारा पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराए गए हैं। फुटेज में एक नकाबपोश संदिग्ध व्यक्ति छत के रास्ते सीढ़ियों से नीचे उतरता हुआ दिखाई दे रहा है। भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में ले लिया है। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर हमारी टीम चोर की तलाश में जुटी है।

Hot Topics

Related Articles