फिल्टर प्लांट की होगी मरम्मत, पेयजल व्यवस्था सुधरेगी

भाटापारा (मोहन तिवारी)नगर की पेयजल व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, आधुनिक और भरोसेमंद बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद भाटापारा ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। फ़िल्टर प्लांट नगर की पेयजल व्यवस्था का प्रमुख केंद्र है। लंबे समय से आवश्यक मरम्मत की प्रतीक्षा कर रही व्यवस्थाओं को अब नया स्वरूप मिलेगा।

प्रस्तावित कार्य पूर्ण होने के बाद प्लांट की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे नगर के हजारों परिवारों तक स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की आपूर्ति और अधिक सुचारु रूप से सुनिश्चित की जा सकेगी। नगर पालिका के अनुसार यह कार्य भविष्य की जलापूर्ति आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नगर के फ़िल्टर प्लांट परिसर में लगभग ₹8.04 लाख की लागत से होने वाले मरम्मत एवं उन्नयन किया जाएगा। भूमिपूजन करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार तक गुणवत्तापूर्ण सेवाए पहुंचाना ही वास्तविक विकास है।

उन्होंने कहा, “स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। फ़िल्टर प्लांट के मरम्मत कार्य से जलापूर्ति व्यवस्था अधिक सुदृढ़, व्यवस्थित और प्रभावी बनेगी। हमारा लक्ष्य है कि नगर के प्रत्येक घर तक बिना किसी बाधा के गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचे। नगर पालिका परिषद प्रत्येक विकास कार्य को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था का भी विस्तार

उन्होंने आगे कहा कि नगर पालिका परिषद पेयजल व्यवस्था के साथ-साथ सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी निरंतर कार्य कर रही है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना परिषद की प्राथमिकता है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, सभापति गोविंद पटेल, देवेंद्र साहू, सतीश तलरेजा आदि मौजूद थे।

Hot Topics

Related Articles