राजनांदगांव। राजनांदगांव में 12 जुलाई 2009 को मानपुर क्षेत्र में हुए नक्सली हमले में शहीद हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार चौबे समेत 30 वीर पुलिस जवानों की शहादत को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उनकी शहादत की बरसी पर शनिवार को पुलिस लाइन राजनांदगांव में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, शहीद परिवारों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लेकर वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में अविभाजित राजनांदगांव जिले के नक्सल प्रभावित मानपुर क्षेत्र के कोरकोट्टी, सीतागांव और मदनवाड़ा में नक्सलियों के हमले में शहीद हुए तत्कालीन एसपी विनोद कुमार चौबे सहित अन्य पुलिस जवानों के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी वीरता और बलिदान को नमन किया गया। शहीदों की कुर्बानी को याद रखने का संदेश श्रद्धांजलि सभा में स्वर्गीय एसपी विनोद कुमार चौबे की पत्नी रंजना चौबे भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि यह दिन उनके लिए बेहद भावुक होने के साथ-साथ गर्व का भी दिन है। उन्होंने कहा कि देश और समाज की रक्षा के लिए शहीद हुए जवानों की कुर्बानी को आने वाली पीढ़ियां हमेशा याद रखें। उन्होंने कहा कि राज्य में शांति और विकास का वातावरण बना है और हिंसा व भय का दौर काफी हद तक समाप्त हो चुका है। उनका विश्वास है कि शांति के इस माहौल में प्रदेश और अधिक प्रगति करेगा। सांसद संतोष पांडे ने शहीदों को किया नमन कार्यक्रम में उपस्थित सांसद संतोष पांडे ने भी वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 की तुलना में आज छत्तीसगढ़ में काफी बदलाव आया है। उनके अनुसार, केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ लगातार अभियान चलाया गया है, जिससे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास कार्यों को गति मिली है।






