- 1.68 लाख प्रतिभागियों में मिली सफलता, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
मुंगेली। रिपोर्टर: संदीप यादव।जिले के लोरमी विकासखंड के छात्र *कुलदीप पुरले* ने तृतीय चरण राज्य स्तरीय गौ विज्ञान परीक्षा-2025 में शानदार सफलता हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। कुलदीप ने बी श्रेणी में प्रदेशभर में *द्वितीय स्थान* प्राप्त किया है।
रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित “गौ सेवा संगम, गौ सेवकों के अभिनंदन एवं गौ विज्ञान परीक्षा-2025” के पुरस्कार वितरण समारोह में *मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय* ने कुलदीप को 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।
*कलेक्टर ने जिला कलेक्टोरेट में किया सम्मानित*
कुलदीप की इस उपलब्धि पर *कलेक्टर कुन्दन कुमार* ने जिला कलेक्टोरेट में उन्हें सम्मानित कर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे, गौ विज्ञान परीक्षा के जिला संयोजक गौकरण डिंडोले एवं लेखराम साहू उपस्थित थे।
*1.68 लाख में से 12 मुंगेली के, कुलदीप ने मारी बाजी*
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष आयोजित गौ विज्ञान परीक्षा में प्रदेशभर के *01 लाख 68 हजार विद्यार्थियों* ने भाग लिया था। विभिन्न जिलों से चयनित *510 प्रतिभागियों* ने राज्य स्तरीय परीक्षा दी, जिनमें मुंगेली जिले के *12 विद्यार्थी* शामिल थे।
शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मनोहरपुर (पूर्व नाम शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बरमपुर) के छात्र कुलदीप पुरले ने सभी को पीछे छोड़ते हुए प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल किया।
गौ विज्ञान परीक्षा के माध्यम से गौ संरक्षण, गौ आधारित कृषि, जैविक खेती, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने का उद्देश्य है।






