शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस का पैदल मार्च, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

लखनपुर(जियाउल खान )। शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं, जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई तथा नीट पेपर लीक प्रकरण के विरोध में गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लखनपुर के नेतृत्व में शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय कांग्रेस कार्यालय से माता कर्मा चौक स्थित हनुमान मंदिर तक पैदल मार्च करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर तीन प्रमुख मांगें रखीं।

मार्च में शामिल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, छात्रों के अधिकारों की रक्षा करने तथा पेपर लीक जैसे मामलों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा नीट पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित सिंहदेव ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया, जो लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं अन्य सांसदों के साथ भी कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया, जिसकी कांग्रेस कड़ी निंदा करती है।

उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा व्यवस्था में लगातार हो रही अनियमितताओं पर समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो युवाओं का भविष्य संकट में पड़ जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान जान गंवाने वाले छात्रों के प्रति दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। इसके पश्चात राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंहदेव, वीरेंद्र सिंहदेव, शराफत अली, सतेंद्र राय, मंडल अध्यक्ष रमेश जायसवाल, जगरोपण यादव, अजर राम चौधरी, इरशाद खान, साजिद खान, गप्पू खान, भूपेंद्र जायसवाल, भूपेंद्र सिंह, भानु राजवाड़े, मकसूद हुसैन, इमरान हुसैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles