(जियाउल खान)सरगुजा ।लखनपुर। अंबिकापुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 पर स्थित लखनपुर हनुमान मंदिर के सामने गुरुवार, 23 जुलाई को दोपहर लगभग 12:30 बजे एक कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार शिवकुमार सिंह, निवासी झीनपारा, लखनपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के समय कांग्रेस के कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए ड्यूटी पर तैनात एसडीओपी राकेश बघेल, नायब तहसीलदार एवं थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बिना देर किए घायल युवक को पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक कार के अगले हिस्से में फंस गई। बाद में काफी प्रयास के बाद बाइक को बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की विवेचना कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।






