जशपुर: बगीचा लाखो की मोबाइल चोरी का किया खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, 47 मोबाइल बरामद ,सीसीटीवी फुटेज से खुला मोबाइल चोरी का राज

जशपुर: (अभिनाथ चौहान) बगीचा थाना पुलिस ने लाखों रुपये की मोबाइल चोरी के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बालिग और तीन विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 47 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त यामाहा एमटी मोटरसाइकिल तथा नकदी बरामद की है। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 21 और 22 जुलाई की रात के बीच बगीचा बस स्टैंड प्रतीक्षालय के पीछे स्थित कैपिटल मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने दुकान में रखे 93 नए एवं पुराने मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। चोरी गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब ₹18.75 लाख बताई गई।

दुकान संचालक जैद अली की शिकायत पर थाना बगीचा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना बगीचा पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने अभिषेक प्रजापति (19 वर्ष) निवासी डूमर टोली, बगीचा सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक अन्य आरोपी की पहचान हो चुकी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 47 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹10 लाख, चोरी की ₹600 नकदी तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की यामाहा एमटी मोटरसाइकिल (कीमत लगभग ₹60 हजार) बरामद कर जब्त की गई है।

पुलिस ने तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया है, जबकि बालिग आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी और शेष मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

इस मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कुमार पांडे, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार कामरे, नरेंद्र मिंज, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह, आरक्षक मुकेश पांडे, फुलजेंस टोप्पो, धनेश्वर राम, राजेश कालो तथा नगर सैनिक बलिराम की विशेष भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि बगीचा थाना पुलिस ने अत्यंत पेशेवर तरीके से कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर मामले का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि फरार आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार कर शेष चोरी गए मोबाइल फोन बरामद किए जाएंगे।

Hot Topics

Related Articles