- सुरक्षित लौटे मजदूरों ने कलेक्टर का जताया आभार
बलौदा बाजार-भाटापारा (मोहन तिवारी)जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए आंध्रप्रदेश में कथित रूप से बंधक बनाए गए जिले के 9 मजदूरों को सकुशल वापस लाने में सफलता हासिल की है। सोमवार को सभी मजदूरों ने कलेक्टर कुलदीप शर्मा से मुलाकात कर सुरक्षित घर वापसी के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
शिकायत मिलते ही प्रशासन हुआ सक्रिय
जानकारी के अनुसार, तहसील सोनाखान के ग्राम सोनपुर निवासी संत कुमार रात्रे ने जिला प्रशासन को आवेदन देकर बताया था कि करीब दो माह पहले उनका परिवार और अन्य ग्रामीण रोजगार के लिए आंध्रप्रदेश के रेनीगुंटा स्थित एक ऑयल फैक्ट्री में काम करने गए थे। वहां मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा था और उन्हें कथित रूप से जबरन रोककर प्रताड़ित किया जा रहा था।कलेक्टर के निर्देश पर शुरू हुई कार्रवाई
शिकायत मिलते ही कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने आंध्रप्रदेश प्रशासन और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया, जिसके बाद सभी 9 मजदूरों को सुरक्षित मुक्त कराकर उनके गृह जिले बलौदा बाजार-भाटापारा वापस लाया गया।
मजदूरों ने जताया जिला प्रशासन का आभार
सुरक्षित लौटने के बाद सभी मजदूरों ने कलेक्टर कुलदीप शर्मा से मुलाकात कर प्रशासन की त्वरित पहल के लिए धन्यवाद दिया। जिला प्रशासन ने मजदूरों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
रोजगार के लिए बाहर जाने से पहले करें सत्यापन
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अन्य राज्यों में रोजगार के लिए जाने से पहले संबंधित एजेंसी या ठेकेदार का सत्यापन अवश्य करें। यदि कोई व्यक्ति रोजगार के नाम पर शोषण, बंधक बनाए जाने या किसी अन्य प्रकार की परेशानी का सामना करता है, तो वह तत्काल जिला प्रशासन को सूचना दे सकता है। इसके लिए जिला प्रशासन ने संपर्क केंद्र नंबर 92018-99925 भी जारी किया है।






