राजनांदगांव। कॉमनवेल्थ प्रतियोगिता में रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीतकर देश, छत्तीसगढ़ और राजनांदगांव जिले का गौरव बढ़ाने वाली युवा खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव के निवास पर राजनांदगांव लोकसभा के पूर्व सांसद एवं वर्तमान महापौर मधुसूदन यादव विशेष रूप से पहुँचे।
उन्होंने ज्ञानेश्वरी के माता-पिता श्रीमती दुर्गा यादव एवं दीपक यादव से आत्मीय भेंट कर इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे राजनांदगांव, छत्तीसगढ़ और देश के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और अदम्य आत्मविश्वास के बल पर ज्ञानेश्वरी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का मान बढ़ाया है तथा उन्हें विश्वास है कि वे भविष्य में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रचेंगी।
परिवार के साथ आत्मीय चर्चा के दौरान श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए समाज और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि ज्ञानेश्वरी यादव के खेल जीवन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए वे भविष्य में भी हरसंभव सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देते रहेंगे।इस अवसर पर ज्ञानेश्वरी यादव के माता-पिता श्रीमती दुर्गा यादव एवं दीपक यादव भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि श्री मधुसूदन यादव ने सदैव परिवार के अभिभावक की तरह उनका साथ दिया है। उन्होंने आग्रह किया कि आगे भी वे इसी प्रकार ज्ञानेश्वरी का मार्गदर्शन और संरक्षण करते रहें।
परिवार की भावनाओं का सम्मान करते हुए श्री यादव ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव उनके लिए केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य के समान हैं।उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी वे हर कदम पर ज्ञानेश्वरी के साथ खड़े रहेंगे तथा उनके खेल जीवन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए हरसंभव सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
महापौर मधुसूदन यादव ने वीडियो कॉल के माध्यम से ज्ञानेश्वरी यादव से भी आत्मीय बातचीत की। उन्होंने रजत पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता आगे की बड़ी उपलब्धियों की शुरुआत है और अब लक्ष्य देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना होना चाहिए।
उन्होंने ज्ञानेश्वरी को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास बनाए रखने की शुभकामनाएँ दीं।
इस दौरान श्री मधुसूदन यादव ने छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से भी वीडियो कॉल के माध्यम से ज्ञानेश्वरी यादव के माता-पिता की बात कराई।
डॉ. रमन सिंह ने ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
उल्लेखनीय है कि खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव पूर्व में भी खेल अलंकरण सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित हो चुकी हैं। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
वहीं, खिलाड़ियों के प्रति महापौर मधुसूदन यादव का आत्मीय सहयोग, प्रोत्साहन एवं अभिभावक जैसा स्नेह खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की उनकी सकारात्मक सोच और प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।






