बलौदाबाजार(मोहन तिवारी)विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत बैंकों से ऋण लेकर लंबे समय से किस्त या बकाया राशि जमा नहीं करने वाले डिफॉल्टरों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और बैंक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने बुधवार को शहर के कई बकायादारों के घर पहुंचकर अंतिम नोटिस दिया। स्पष्ट किया गया कि दो दिन के भीतर बकाया राशि जमा नहीं करने पर उनकी चल एवं अचल संपत्तियों की कुर्की और नीलामी की कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त अभियान में नायब तहसीलदार बलौदाबाजार, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक सहित अन्य बैंकों के अधिकारियों तथा राजस्व एवं पुलिस विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया। टीम ने शहर के कई डिफॉल्टरों के घर पहुंचकर उन्हें बकाया राशि तत्काल जमा करने के निर्देश दिए। कार्रवाई की जद में आए लोगों में रामजी सेन, नसीम खान, नईम अहमद, रामजी फेकर, इलियास रजक, रीना साहू, मोहम्मद गुलफाम खान सहित अन्य बकायादार शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार इन लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत बैंक ऋण लिया था, लेकिन मांग सूचना जारी होने और बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद ऋण का भुगतान नहीं किया। अधिकारियों की मौजूदगी में अधिकांश बकायादारों ने दो दिन के भीतर बकाया राशि जमा कर खाता बंद करने का आश्वासन दिया है।
प्रशासन ने साफ किया है कि तय समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं होने पर संबंधित बकायादारों की चल एवं अचल संपत्तियों को कुर्क कर नीलामी की जाएगी। नीलामी से प्राप्त राशि का उपयोग बैंकों के बकाया ऋण की वसूली के लिए किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आगामी दिनों में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, यूको बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, कैनरा बैंक सहित अन्य बैंकों के लंबित ऋण मामलों में भी इसी प्रकार की वसूली कार्रवाई की जाएगी।






