राजीव गांधी पीजी कॉलेज की लॉ सीटें फिर 240 करने की मांग, टीएस सिंहदेव ने सीएम विष्णुदेव साय को लिखा पत्र

जियाउल खान ,अंबिकापुर /सरगुजा

  • विधि संकाय की सीटें 120 किए जाने पर जताई चिंता,

  •  आदिवासी और ग्रामीण छात्रों के हित में पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग।

सरगुजा संभाग के सबसे बड़े शैक्षणिक संस्थानों में शामिल राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर की विधि संकाय में सीटों की संख्या घटाए जाने का मामला अब राजनीतिक स्तर पर भी उठ गया है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर लॉ की सीटों की संख्या पुनः 240 किए जाने की मांग की है।

अपने पत्र में सिंहदेव ने कहा है कि राजीव गांधी पीजी कॉलेज सरगुजा संभाग के हजारों विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के छात्र-छात्राएं इसी संस्थान पर निर्भर हैं।

उन्होंने बताया कि पहले कॉलेज में विधि संकाय की 240 सीटें स्वीकृत थीं, लेकिन हाल ही में इन्हें घटाकर 120 कर दिया गया है। इससे बड़ी संख्या में स्थानीय और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के सामने उच्च शिक्षा का संकट खड़ा हो गया है।

सिंहदेव ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि सीटों में कटौती के कारण अनेक छात्रों को महंगे निजी लॉ कॉलेजों का रुख करना पड़ सकता है, जो आर्थिक और भौगोलिक दृष्टि से अधिकांश परिवारों के लिए संभव नहीं है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर लॉ की सीटें पुनः 240 करने का आग्रह किया है, ताकि छात्रहित सुरक्षित रहे और सरगुजा जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र में विधि शिक्षा को बढ़ावा मिल सके।

Hot Topics

Related Articles