हर घर नल से जल पहुंचाने मिशन मोड में कार्य करें: कलेक्टर

  • जल जीवन मिशन की समीक्षा, पंप चोरी पर FIR के निर्देश

मुंगेली। रिपोर्टर संदीप यादव।जल जीवन मिशन के कार्यों को समयसीमा में पूरा करने के लिए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने अधिकारियों को मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने योजना की विस्तृत समीक्षा की।

कलेक्टर ने कहा कि हर घर तक कार्यशील नल कनेक्शन के माध्यम से नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी संबंधित विभाग गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।

बैठक में हस्तांतरित एकल ग्राम योजनाओं एवं समूह जलप्रदाय योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने 15वें एवं 16वें वित्त आयोग की राशि का प्राथमिकता से उपयोग कर अधूरे कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के कारण जलापूर्ति बाधित गांवों के लिए कार्ययोजना बनाकर शीघ्र आपूर्ति बहाल करने को कहा।

पूर्ण हो चुके कार्यों का ग्राम पंचायत एवं जनपद पंचायत से सत्यापन के बाद समयबद्ध हस्तांतरण एवं भुगतान करने के निर्देश भी दिए गए।


*पंप चोरी पर कड़ा रुख*


बैठक में पंप चोरी की घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जलस्रोतों के संरक्षण के लिए सोख्ता गड्ढों का निर्माण, पंचायतों के माध्यम से नल-जल योजनाओं के संचालन का प्रशिक्षण और भौतिक प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने जर्जर एवं अनुपयोगी पानी की टंकियों को चिन्हित कर सुरक्षित तरीके से डिस्मेंटल करने के भी निर्देश दिए। चयनित गांवों में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कर प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया।

बैठक में एसएसपी भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Hot Topics

Related Articles