दुर्ग। ग्राम तूमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू से गोदकर हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना रविवार देर रात करगीडीह से चिखली चौक के बीच उस समय हुई, जब प्रकाश सिंह कश्यप अपने एक साथी के साथ भिलाई से वापस गांव लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार लूट का विरोध करने पर वारदात को अंजाम दिया गया है। पूरा मामला जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र का है।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि रास्ते में एक बाइक पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पहले मोबाइल फोन और नकदी लूटने की कोशिश की। जब प्रकाश सिंह कश्यप ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के दौरान उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला और पुलिस को सूचना दी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रकाश सिंह कश्यप का मोबाइल फोन और करीब चार हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही जेवरा-सिरसा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आरोपियों को पकड़ने सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मृतक प्रकाश सिंह कश्यप धमधा ब्लॉक के ग्राम तुमाकला के उपसरपंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। सीएसपी ने बताया, शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।






