बालोद/घोटिया:- विकासखंड डौंडी के ग्राम घोटिया में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत निर्मित तटबंध पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया। तटबंध के बीच हिस्से में दरार आने और टूटने की घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण पहली ही बारिश में तटबंध टूट गया। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी राशि से हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। जानकारी के अनुसार, तटबंध का निर्माण इसी वर्ष फरवरी माह में पूरा किया गया था। इधर ग्राम सचिव शैलेश खेड़े ने बताया कि संबंधित निर्माण कार्य का भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि भुगतान से पहले निर्माण की गुणवत्ता, उपयोग की गई सामग्री, मास्टर रोल और तकनीकी रिपोर्ट सहित सभी बिंदुओं की जांच की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और ग्रामीणों को अब तकनीकी जांच रिपोर्ट तथा प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।






