राजकुमार अग्रवाल ,सांकरा। स्थानीय स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री दीपक देवांगन का जन्मदिवस मारवाड़ी युवा मंच सांकरा के सदस्यों द्वारा पर्यावरण संरक्षण की अनूठी मिसाल पेश करते हुए मनाया गया।
इस विशेष अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच सांकरा के अध्यक्ष शुभम सिंघल एवं मंच के अन्य सदस्यों ने विद्यालय पहुंचकर प्राचार्य श्री देवांगन से आत्मीय मुलाकात की। मंच ने इस दिन को यादगार बनाने के लिए पारंपरिक उपहारों की जगह पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक स्वरूप एक जीवंत पौधा भेंट कर उन्हें दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं।
जन्मदिन की खुशियों को दोगुना करने और बच्चों को प्रकृति से जोड़ने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में प्राचार्य श्री देवांगन,मंच के सदस्यों और स्कूली बच्चों ने मिलकर सामूहिक रूप से वृक्षारोपण भी किया।
*कुशल नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की परस्पर सराहना*
इस दौरान मारवाड़ी युवा मंच सांकरा के अध्यक्ष शुभम सिंघल व सदस्यों ने प्राचार्य श्री दीपक देवांगन के कुशल नेतृत्व, प्रेमपूर्ण व्यवहार और विद्यार्थियों के प्रति उनके आदर-सम्मान की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि सर के मार्गदर्शन में सांकरा के नौनिहाल शिक्षा और समाज दोनों में नित नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।
वहीं, मंच के इस अनुकरणीय और प्रेरक प्रयास से अभिभूत होकर प्राचार्य श्री दीपक देवांगन ने मारवाड़ी युवा मंच सांकरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर पौधा भेंट करना और बच्चों के साथ मिलकर पौधारोपण करना समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का एक बेहतरीन संदेश है। मंच की यह सोच अत्यंत सराहनीय है।
इस सुखद आयोजन में मारवाड़ी युवा मंच के सदस्य, विद्यालय का शिक्षक स्टाफ और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






