नेशनल हाईवे-130 पर भीषण सड़क हादसा, बस और इनोवा की टक्कर में महिला की मौत, सात घायल

रिपोर्ट: जियाउल खान,लखनपुर, सरगुजा। लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर जजगा स्थित रजवाड़ा ढाबा के समीप बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, देर रात लगभग 1 बजे रायपुर की ओर से लौट रही इनोवा क्रिस्टा (CG 15 ED 9050) और अंबिकापुर की ओर से आ रही पॉपुलर बस (CG 15 DM 0186) के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा अनियंत्रित होकर पीछे खड़े टैंकर से जा टकराई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दुर्घटना में दिलीप कुमारी तिग्गा, पति आसान लाल तिग्गा, निवासी थाना लुंड्रा की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार सात अन्य लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर से लौट रहे लखनपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी मौके पर रुके और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर लखनपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि सभी लोग बिलासपुर जिले में एक अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गृहग्राम लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

मृतका के परिजनों में घटना के बाद शोक का माहौल है। वहीं लखनपुर पुलिस ने सुशील तिग्गा की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

Hot Topics

Related Articles