बिलासपुर (कमलकांत पाटनवार):- मरवाही वनमंडल क्षेत्र में हाथियों की आमद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मध्य प्रदेश की ओर से आए तीन जंगली हाथियों के दल ने मरवाही वन परिक्षेत्र के कुम्हारी और चिचगोहना गांव में पहुंचकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। हाथियों के दल ने देर रात कुम्हारी क्षेत्र में एक ग्रामीण के घर में घुसकर राशन खा लिया और कई सामानों को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का वातावरण बना हुआ है।पूरी रात लोग डर के साए में रहे और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते रहे। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों के गांव के आसपास पहुंचने से अब उन्हें अपने घरों, खेतों और मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। वर्तमान में क्षेत्र में खेती-बाड़ी का काम चल रहा है। ऐसे समय में हाथियों की मौजूदगी से किसानों की परेशानी बढ़ गई है।ग्रामीण खेतों में जाने और रात के समय घरों से बाहर निकलने को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरत रहे हैं। लोगों को आशंका है कि यदि हाथियों का दल गांवों के आसपास लंबे समय तक रहा तो फसलों और संपत्ति को और नुकसान पहुंच सकता है। इधर, वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी कर रही है।
विभागीय अमला हाथियों की लोकेशन और गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दो दिन पूर्व
मरवाही वन मंडल में तीन हाथियों के दल ने मध्य प्रदेश सीमा से प्रवेश कर चिचगोहना और घुसरिया गांव में तीन मकान तोड़ दिए और 15 किसानों की फसलें रौंद दीं। वन विभाग ने इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है।
विभाग की अपील
जंगल की ओर न जाएं मुनादी के माध्यम से वन विभाग अब ग्रामीणों से अपील कर रहा है कि वे शाम होने बाद अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाएं। हाथियों के करीब जाने, उन्हें परेशान करने या किसी तरह से छेड़छाड़ करने से बचें। विभाग ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल वन अमले को सूचना देने की अपील की है।






