350 से ज्यादा लोगों से पुलिस की पूछताछ, 68 के फिंगर प्रिंट लिए

बलौदाबाजार भाटापारा,जिले में बाहर से आकर रहने वाले मजदूरों, किराएदारों और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने पुलिस ने रविवार शाम विशेष चेकिंग अभियान चलाया। सिटी कोतवाली पुलिस की तीन टीमों ने एक साथ औद्योगिक क्षेत्रों, लेबर कॉलोनियों और शहर के संवेदनशील इलाकों में जांच की। अभियान के दौरान 350 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई, जबकि 68 संदिग्ध व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लेकर उनका बायोमीट्रिक रिकॉर्ड दर्ज किया गया।

                                                                                                                                                                                                                                  इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बाहर से आकर जिले में रह रहे लोगों का सत्यापन करना और आपराधिक गतिविधियों की आशंका वाले लोगों की पहचान करना था। पुलिस टीमों ने लोगों के आधार कार्ड, वोटर आईडी सहित अन्य पहचान दस्तावेजों का मौके पर भौतिक सत्यापन किया।

निरीक्षक परिवेश तिवारी के नेतृत्व में पहली टीम ने सीमेंट संयंत्र की रवान स्थित मानव कॉलोनी में भी जांच की। यहां निवासरत 300 से अधिक लोगों से पूछताछ कर उनके दस्तावेजों और पहचान की जांच की गई। सुरक्षा और पुलिस रिकॉर्ड से मिलान के लिए 50 व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट भी लिए गए।

रिसदा की लेबर कॉलोनी में 18 लोगों के फिंगरप्रिंट लिए: सहायक उप निरीक्षक पुष्पा राठौर के नेतृत्व में तीसरी टीम ने न्यू विस्टा सीमेंट संयंत्र रिसदा की लेबर कॉलोनी में जांच की। करीब 50 लोगों से पूछताछ कर दस्तावेजों की पड़ताल की गई। इनमें 18 संदिग्ध व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लेकर पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज किए गए। पुलिस ने जांच के दौरान कुछ संदिग्धों के मोबाइल फोन की भी पड़ताल की।

सुरक्षा के लिहाज से मोबाइल में मौजूद विभिन्न एप और अन्य उपलब्ध तकनीकी जानकारी को जांच के दायरे में लिया गया। पुलिस ने मकान मालिकों, ठेकेदारों और औद्योगिक संस्थानों के प्रबंधकों को चेतावनी दी है कि वे बाहर से आने वाले मजदूरों, कर्मचारियों और किराएदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं।

बिना सत्यापन किसी संदिग्ध व्यक्ति को मकान में रखने या काम पर लगाने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस के अनुसार जिले में इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी। किसी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिलने पर टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर सूचना देने की अपील की गई है। दूसरी टीम ने निरीक्षक अश्वनी सिन्हा के नेतृत्व में बलौदाबाजार शहर के भैंसापसरा और रामसागरपारा सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में जांच की। यहां किराए के मकानों में रह रहे बाहरी लोगों के दस्तावेज देखे गए। पुलिस ने मकान मालिकों को किराएदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए।

Hot Topics

Related Articles